उत्तराखंड

शिवमूर्ति चौक पर आपस में भिड़ीं 16 महिलाएं, पुलिस ने किया गिरफ्तार

राहगीरों को अपनी ओर आकर्षित करने को लेकर हुआ विवाद, गाली-गलौज के बाद मारपीट की बनी नौबत

कलयुग दर्शन (24×7)

आशु (संवाददाता)

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार के शिवमूर्ति चौक पर गुरुवार को महिलाओं के दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। राहगीरों को अपनी ओर आकर्षित करने को लेकर शुरू हुआ विवाद गाली-गलौज तक पहुंच गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों की महिलाएं आमने-सामने आ गईं और मारपीट की नौबत बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभालते हुए दोनों पक्षों की 16 महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपद में शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर और पुलिस उपाधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में कोतवाली नगर पुलिस क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने बताया कि महिला उपनिरीक्षक निशा सिंह पुलिस टीम के साथ शिवमूर्ति चौक से रेलवे गेट की ओर चेकिंग कर रही थीं।

इस दौरान रेलवे गेट नंबर पांच के सामने महिलाओं के दो पक्ष आपस में झगड़ते और गाली-गलौज करते मिले। दोनों पक्षों की महिलाएं एक-दूसरे से उलझ रही थीं और मारपीट पर आमादा थीं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर विवाद शांत कराने का प्रयास किया और दोनों पक्षों से पूछताछ की। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि राहगीरों को अपनी ओर आकर्षित करने को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस ने आशंका जताई कि झगड़ा बढ़ने से सार्वजनिक शांति भंग हो सकती थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) के तहत दोनों पक्षों की आठ-आठ महिलाओं, कुल 16 महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की। पुलिस की कार्रवाई के बाद मौके पर शांति व्यवस्था बहाल हो गई।

Related Articles

Back to top button