हरिद्वार में 60 मेधावी बालिकाएं सम्मानित, सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र ने किया प्रोत्साहित

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग, हरिद्वार की ओर से शनिवार को रोशनाबाद स्थित जिला बार एसोसिएशन के सभागार में बालिका सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह में हाईस्कूल की परीक्षा में उच्च स्थान प्राप्त करने वाली तथा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली जनपद की 60 बालिकाओं को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न, पोषण किट एवं स्मार्ट वॉच प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने बालिकाओं की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जीवन में जिस मुकाम और शिखर तक व्यक्ति पहुंचता है, उसे बरकरार रखने के लिए समय का सदुपयोग, अनुशासन और निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। कड़ी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से ही निर्धारित लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने बालिकाओं को अपनी प्रतिभा पहचानने और शिक्षा व खेल के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बालिकाओं की उपलब्धियां समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

इस तरह के आयोजन उनका उत्साह बढ़ाने के साथ ही उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। समारोह में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चन्द, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जसमद्र सिंह, सचिव विपिन चतुर्वेदी तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव के प्रतिनिधि काजल ने भी विचार व्यक्त किए। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम के अंत में जिला कार्यक्रम अधिकारी अविनाश भदौरिया ने उपस्थित अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बार एसोसिएशन के अधिवक्ता, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, सम्मानित बालिकाएं, उनके अभिभावक तथा महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।



