भागीरथ महोत्सव मेले में मां दुर्गा की प्रतिमा का धूमधाम से विसर्जन

कलयुग दर्शन (24×7)
दीपक झा (संवाददाता)
हरिद्वार। भागीरथ जनकल्याण सेवा समिति, हरिद्वार के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सपरिवार भागीरथ महोत्सव मेले में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा का विधि-विधान से पूजन करने के बाद धूमधाम से शोभायात्रा निकालकर विसर्जन किया। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मां दुर्गा की गाड़ी को फूल-मालाओं से सजाया गया था। भक्तजन पूरे रास्ते भजन गाते और झूमते हुए मां को विदाई देते नजर आए। पंडित शिवनारायण शर्मा ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर विसर्जन की प्रक्रिया संपन्न कराई। इस दौरान समिति के अध्यक्ष मनोज यादव मुख्य यजमान रहे। कार्यक्रम में समिति के सचिव परमाल सिंह, उपाध्यक्ष तरुण शुक्ला, कोषाध्यक्ष प्रवीण बरदिया, सांस्कृतिक कार्यक्रम संयोजक संतोष साहू, रविंद्र यादव, रामचंद्र यादव, विनोद शाक्या, राजीव शर्मा, आशीष शुक्ला, सुनील कुमार प्रजापति, हिमांशु सैनी, विजय शंकर चौबे, राकेश रोशन, मनोज मांझी, हरिकेश विश्वकर्मा, नवनीत और हरीश साहू सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

समिति के अध्यक्ष मनोज यादव ने बताया कि नवरात्र के अवसर पर समिति की ओर से हरिद्वार में मां दुर्गा की विशाल प्रतिमा स्थापित कर पूजन और गरबा कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन समिति के लिए महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष मां दुर्गा की स्थापना और गरबा कार्यक्रम को और अधिक भव्य रूप दिया जाएगा। भागीरथ महोत्सव मेले में आकर्षक झूले, विभिन्न प्रकार की दुकानों और स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। समिति के सचिव परमाल सिंह ने हरिद्वारवासियों से मेले में पहुंचकर आयोजन का आनंद लेने की अपील की। वहीं, सांस्कृतिक कार्यक्रम संयोजक संतोष साहू ने बताया कि बच्चों की प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से मेले में भव्य सांस्कृतिक मंच तैयार किया गया है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों की प्रतिभा प्रदर्शित कराने के लिए समिति से संपर्क करने की अपील की।



