नितेश शर्मा संगठन के कोऑर्डिनेटर बने, भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई के लिए शिक्षक नेता डॉ. अशोक मलिक सम्मानित

कलयुग दर्शन (24×7)
अबलीश कुमार (सहारनपुर संवाददाता)
सहारनपुर। चन्द्र विहार कॉलोनी स्थित द ग्रेट सनराइज पब्लिक स्कूल में विश्व मानवाधिकार दिवस बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त विद्यालय शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अशोक मलिक। कार्यक्रम में संगठन के जिला उपाध्यक्ष दीपक शर्मा, सिटी इंचार्ज राजेंद्र डबराल, शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष मास्टर केपी सिंह, राज ग्रुप के संस्थापक हुकम सिंह, एवं मास्टर रविंदर चौधरी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मास्टर केपी सिंह ने तथा संचालन राजन डबराल ने किया। अपने संबोधन में शिक्षक नेता डॉ. अशोक मलिक ने कहा कि भ्रष्टाचार आज समाज की जड़ों तक फैला हुआ है और “ऊपर से नीचे तक” चल रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा जैसे पवित्र क्षेत्र में भ्रष्टाचार का होना देश के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने बेरोजगार युवाओं की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि रोजगार के अभाव में युवा हताश होकर नशे की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने सरकार से नशे पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की, ताकि देश विकासशील राष्ट्रों की प्रथम पंक्ति में खड़ा हो सके। जिला उपाध्यक्ष दीपक शर्मा ने कहा कि मानवाधिकारों का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और समाज में भ्रष्टाचार रोकने में सहयोग सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री स्वयं भ्रष्टाचार उन्मूलन के लिए कड़े कदम उठा रहे हैं। सिटी इंचार्ज राजन डबराल ने कहा कि यदि युवा पीढ़ी अपने शिक्षकों का मन से सम्मान करे तो वह निश्चित रूप से उन्नति के मार्ग पर आगे बढ़ेगी। हुकुम सिंह ने युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना जगाने की जरूरत पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन से जुड़कर सेवा कार्य कर रहे नितेश शर्मा को कोऑर्डिनेटर पद का नियुक्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में रमेशना, पूनम, कविता, प्रवेश, लकी, लविश, गौरव भारद्वाज, सिया, राजन, चिराग, शाहनूर, प्रशांत, दिव्या, केशव, देवांशी, सोनिया शर्मा, संदीप कुमार, प्रदीप, कुलदीप कुमार सहित अनेक क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
[banner id="7349"]



