जगजीतपुर में सीवर लाइन को लेकर कॉलोनीवासियों का धरना, सभी कॉलोनियों में सीवर योजना लागू करने की मांग
उमा विहार, बसंत विहार फेस-1, ब्रज किशोरी एनक्लेव और संगम विहार के लोगों ने कार्य रुकवाया, अधिकारियों के आश्वासन से असंतुष्ट

कलयुग दर्शन (24×7)
सागर कुमार (सह संपादक)
हरिद्वार। जगजीतपुर क्षेत्र में चल रहे सीवर लाइन कार्य को लेकर स्थानीय कॉलोनीवासियों में भारी रोष देखने को मिला। पीठ वाली पुलिया से फुटबॉल ग्राउंड होते हुए सीवर लाइन जमालपुर की ओर डाली जा रही है, लेकिन बीच में आने वाली उमा विहार, बसंत विहार फेस-1, ब्रज किशोरी एनक्लेव और संगम विहार कॉलोनियों में सीवर लाइन डालने का कोई प्रस्ताव पारित नहीं किया गया है। इसी के विरोध में आज क्षेत्रवासियों ने सीवर कार्य को रुकवाकर धरना शुरू कर दिया।

कॉलोनीवासियों का कहना है कि जब तक संबंधित सभी कॉलोनियों में सीवर लाइन डालने के आदेश जारी नहीं किए जाते, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष मौजूद रहे। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने संबंधित अधिकारियों से वार्ता भी की, लेकिन अधिकारियों द्वारा कोई ठोस आश्वासन नहीं दिए जाने से लोगों में नाराजगी बनी हुई।





