सहारनपुर में ईद-उल-जुहा हर्षोल्लास, भाईचारे और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
सहारनपुर। ईद-उल-जुहा का पर्व शहर में पूरे धार्मिक उत्साह, भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल के साथ मनाया गया। शहर की ऐतिहासिक ईदगाह सहित जामा मस्जिद कलां, इस्लामिया इंटर कॉलेज मस्जिद, मस्जिद कंपनी बाग, मस्जिद टोपिया सराय, पुरानी जामा मस्जिद, घंटाघर वाली मस्जिद तथा अन्य मस्जिदों में हजारों नमाजियों ने ईद की नमाज अदा कर मुल्क में अमन, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी। ऐतिहासिक ईदगाह में नायब शहर काजी नदीम अख्तर ने ईद की नमाज अदा कराई। उन्होंने लोगों से त्योहार को आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। वहीं जामा मस्जिद कलां में मौलवी फरीद ने नमाज अदा कराई।

नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी तथा घरों में कुर्बानी की रस्म अदा की गई। ईद-उल-जुहा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखाई दिया। जिलाधिकारी अरविंद सिंह चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक समेत अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने नमाजियों को ईद की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पार्षद मंसूर बदर ने भी लोगों से शांति, सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने की अपील की। शहरभर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए कई मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू किया गया।



