सहारनपुर में पत्रकारों ने बनाया नया संगठन, आलोक अग्रवाल सर्वसम्मति से जिलाध्यक्ष निर्वाचित
पत्रकार हितों की रक्षा, एकजुटता और निष्पक्ष पत्रकारिता को बढ़ावा देने का लिया संकल्प

कलयुग दर्शन (24×7)
अबलीश कुमार (सहारनपुर संवाददाता)
सहारनपुर। पत्रकारों की एक महत्वपूर्ण बैठक अंबाला रोड स्थित एक होटल में आयोजित की गई! जिसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े पत्रकारों ने भाग लिया। बैठक में पत्रकार हितों, संगठनात्मक मजबूती तथा मीडिया जगत की वर्तमान चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा के बाद सर्वसम्मति से एक नए पत्रकार संगठन का गठन किया गया। संगठन के गठन को लेकर लंबे समय से चल रही चर्चाओं के बीच पत्रकारों ने एकजुटता का परिचय देते हुए नई कार्यकारिणी का चयन किया। बैठक में सर्वसम्मति से वरिष्ठ पत्रकार आलोक अग्रवाल को संगठन का जिलाध्यक्ष चुना गया। इसके अलावा प्रशांत त्यागी को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कमल गर्ग एवं मोहम्मद फारूख को जिला उपाध्यक्ष, मनोज मिड्ढा को जिलामहासचिव (प्रशासनिक), अबलीश गौतम को संगठन मंत्री, सचिन तनेजा को उप संगठन मंत्री, मुराद अली को उप संगठन मंत्री,मोनू कुमार को महासचिव, मुकेश मनवाल, महेश रजवाल, विनय जैन तथा मोहम्मद अली मिर्जा को सचिव बनाया गया।
वहीं फरहत अली , दिनेश मौर्य को सदस्य तथा मनदीप शर्मा को देवबंद क्षेत्र का प्रभारी नियुक्त किया गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का उपस्थित पत्रकारों ने फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया तथा संगठन के सफल संचालन की शुभकामनाएं दीं। बैठक के दौरान पत्रकारों ने कहा कि बदलते दौर में पत्रकारिता अनेक चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे समय में एक मजबूत और सक्रिय संगठन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जो पत्रकारों के हितों की रक्षा करने के साथ-साथ उनके अधिकारों और समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने का कार्य कर सके। नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष आलोक अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य पत्रकारों को एक मंच पर लाकर उनकी समस्याओं का समाधान करना, पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा करना तथा निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता को बढ़ावा देना होगा। उन्होंने कहा कि संगठन किसी व्यक्तिगत हित के लिए नहीं बल्कि पत्रकार समाज के सामूहिक हितों के लिए कार्य करेगा।

वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रशांत त्यागी ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और समाज को सही दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि संगठन पत्रकारों के बीच आपसी समन्वय और भाईचारे को मजबूत करेगा। साथ ही पत्रकारों के प्रशिक्षण, सामाजिक सरोकारों और जनहित के मुद्दों पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी पत्रकारों को एकजुट होकर पत्रकारिता की गरिमा और विश्वसनीयता को बनाए रखने के लिए कार्य करना होगा। जिला उपाध्यक्ष मोहम्मद फारूख ने कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण होता है और उसकी जिम्मेदारी केवल समाचार देना नहीं बल्कि सच को सामने लाना भी है। उन्होंने कहा कि नया संगठन पत्रकारों की आवाज को मजबूती प्रदान करेगा और किसी भी पत्रकार के साथ अन्याय होने पर उसके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी पत्रकारों से सक्रिय सहयोग की अपील की। बैठक में उपस्थित पत्रकारों ने संगठन को पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ संचालित करने का संकल्प लिया। साथ ही निर्णय लिया गया कि जल्द ही संगठन का विस्तार करते हुए जिले की सभी तहसीलों और नगरों में इकाइयों का गठन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक पत्रकारों को संगठन से जोड़ा जा सके। बैठक का समापन पत्रकार एकता, निष्पक्ष पत्रकारिता और पत्रकार हितों की रक्षा के संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित सभी पत्रकारों ने नए संगठन के माध्यम से पत्रकार समाज के उत्थान और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का भरोसा जताया।



