ज्वालापुर का वक्फ कब्रिस्तान हुआ हाईटेक, वाईफाई और सीसीटीवी से लैस

कलयुग दर्शन (24×7)
विजय कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष शादाब शम्स के नेतृत्व में वक्फ संपत्तियों को कब्जामुक्त कराने के साथ उनके बेहतर प्रबंधन, संरक्षण और आधुनिकीकरण की दिशा में लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। लंबे समय से चली आ रही पारंपरिक व्यवस्थाओं में बदलाव करते हुए वक्फ संपत्तियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की पहल की जा रही है। इसी क्रम में ज्वालापुर स्थित वक्फ कब्रिस्तान को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। कब्रिस्तान प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं पार्षद अहसान अंसारी ने बताया कि कब्रिस्तान के विकास और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य कराए गए हैं। साफ-सफाई, आवागमन सहित विभिन्न मूलभूत सुविधाओं के विकास के बाद अब समिति ने तकनीकी सुविधाओं की ओर भी कदम बढ़ाया है। कब्रिस्तान परिसर में वाईफाई सुविधा उपलब्ध कराने के साथ सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।

इससे परिसर की गतिविधियों पर निगरानी रखने में मदद मिलेगी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी। आधुनिक निगरानी व्यवस्था के माध्यम से असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के साथ कब्रिस्तान की संपत्ति और वहां आने वाले लोगों की सुरक्षा को भी बेहतर बनाया जा सकेगा। अहसान अंसारी ने बताया कि वाईफाई और सीसीटीवी जैसी आधुनिक सुविधाओं से लैस होने वाला यह उत्तराखंड वक्फ बोर्ड का पहला कब्रिस्तान है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से कब्रिस्तान की व्यवस्थाओं में पारदर्शिता और सुरक्षा दोनों को बढ़ावा मिलेगा।



