बेहट विधायक उमर अली खान ने हजारों समर्थकों के साथ निकाली पदयात्रा
जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर पूर्व मंत्रियों के साथ सड़क पर उतरे विधायक, अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन

कलयुग दर्शन (24×7)
अबलीश कुमार (सहारनपुर संवाददाता)
सहारनपुर। बेहट विधानसभा क्षेत्र में सड़कों और पुलों के निर्माण सहित विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी के विधायक उमर अली खान मंगलवार को हजारों समर्थकों के साथ सड़क पर उतर आए। विधायक ने टोडरपुर से गंदेवड़ होते हुए सहारनपुर कलेक्ट्रेट तक पदयात्रा शुरू की। हालांकि, पदयात्रा टोडरपुर पुलिस चौकी के पास पहुंची तो पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने विधायक से वार्ता कर ज्ञापन लिया और पदयात्रा समाप्त करवा दी। इस दौरान विधायक ने चेतावनी दी कि यदि जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वह दोबारा आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होंगे। बेहट विधानसभा क्षेत्र में टोडरपुर-गंदेवड़-चिलकाना मार्ग के निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण, ग्राम अब्दुल्लापुर में पुलिया के निर्माण, ख्वासपुर में नदी में बह चुकी सड़क के पुनर्निर्माण, विभिन्न गांवों में बरसाती नदियों और नालों पर ठोकर निर्माण, जैतपुर कला में पुल, शाहपुर गाड़ा, मदनपुरा और मुर्तजापुर में पुल निर्माण तथा रायपुर से नन्दपुर जोड़ियों को जोड़ने के लिए पुल निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि लगातार मांग के बावजूद समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। इन्हीं समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर विधायक उमर अली खान मंगलवार को पूर्व मंत्री शायान मसूद, लियाकत अली एडवोकेट, साहिल खान, मजाहिर राणा, पूर्व मंत्री मांगेराम कश्यप, विधानसभा अध्यक्ष रागिब अली, बेहट नगर अध्यक्ष अजीम मलिक सहित हजारों समर्थकों के साथ टोडरपुर से सहारनपुर कलेक्ट्रेट के लिए पदयात्रा पर निकले।

पदयात्रा जैसे ही टोडरपुर पुलिस चौकी के पास पहुंची, बेहट के उपजिलाधिकारी और अन्य पुलिस अधिकारियों ने पदयात्रा के बीच पहुंचकर विधायक उमर अली खान से वार्ता की। अधिकारियों ने जनपद में चल रहे विशाल सत्संग का हवाला देते हुए विधायक से पदयात्रा समाप्त करने की अपील की। इसके बाद विधायक ने अधिकारियों को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा और पदयात्रा समाप्त कर दी। इस दौरान विधायक उमर अली खान ने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से सड़कों और पुलों की समस्या से जूझ रही है। बरसात के दौरान कई मार्गों और पुलों की स्थिति और अधिक खराब हो जाती है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ज्ञापन में उठाई गई समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो वह जनता के हित में फिर से आंदोलन शुरू करने के लिए मजबूर होंगे। पदयात्रा में चौधरी मेनपाल प्रधान, सुनील कश्यप, चौधरी दिनेश, ओसामा गाड़ा, फैजान फैज, हारून खान, अजीम मलिक, आलिम प्रधान, चौधरी ताहिर चेयरमैन, चौधरी अख्तर, चौधरी मुबारिक, आजम प्रधान, दीपक अनिल, अली खान, फरहान खान, तौफीक मलिक, गुलजार मंसूरी, परवेज मलिक, मंसूब आलम, चौधरी मुकर्रम और राशिद मलिक प्रधान सहित हजारों लोग मौजूद रहे।



