वोटर लिस्ट सत्यापन अभियान में जुटे सपा नेता अभिषेक टिंकू अरोड़ा
18 वर्ष के युवा जरूर बनवाएं वोट, नाम व पते में संशोधन के लिए भरें फॉर्म-8

कलयुग दर्शन (24×7)
हैदर अंसारी (सहारनपुर जिला प्रभारी)
सहारनपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 17 और 24 अक्टूबर को प्रत्येक पोलिंग स्टेशन पर मतदाता सूची के सत्यापन की प्रक्रिया के तहत मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है। नए मतदाता का नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, मतदाता सूची से नाम विलोपित कराने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम और पते में संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरकर जमा किया जा सकता है। इसी क्रम में महानगर अध्यक्ष हाजी नवाब अंसारी और विधानसभा अध्यक्ष काशिफ अल्वी के नेतृत्व में वरिष्ठ सपा नेता एवं पार्षद अभिषेक टिंकू अरोड़ा ने सहारनपुर नगर विधानसभा क्षेत्र-03 के विभिन्न पोलिंग स्टेशनों का दौरा किया। उन्होंने मतदाताओं को जागरूक किया और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से मतदाता सूची सत्यापन की प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की।

साथ ही मतदाताओं की समस्याओं के समाधान में भी सहयोग किया। इस दौरान जिला कार्यालय प्रभारी फैसल सलमानी और राष्ट्रीय सचिव मुस्तकीम राणा ने कहा कि लोकतंत्र में मतदान का अधिकार प्रत्येक नागरिक के लिए महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी नागरिकों को अपना नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित कराना चाहिए, ताकि वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। सपा नेता एवं पार्षद अभिषेक टिंकू अरोड़ा ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र-03 के किसी भी व्यक्ति को मतदाता सूची से संबंधित कोई समस्या आती है, तो वह महानगर कमेटी या उनसे संपर्क कर सकता है।

उनकी समस्या के समाधान के लिए तत्काल प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं से अपना वोट बनवाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों में हाल ही में विवाह हुआ है, वे मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया पूरी करें। इसके लिए आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी बीएलओ से प्राप्त कर लें और आधार कार्ड में जरूरी संशोधन भी करा लें, ताकि मतदाता पंजीकरण में किसी प्रकार की परेशानी न हो।



