शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के समर्थन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पदयात्रा

कलयुग दर्शन (24×7)
विजय कुमार (ब्यूरो चीफ)
हरिद्वार। कांग्रेस के पूर्व सभासद अशोक शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद एवं उनके शिष्यों के समर्थन में दूधाधारी चौक से चंद्राचार्य चौक तक पदयात्रा निकाली। पदयात्रा के समापन पर कार्यकर्ताओं ने शंकराचार्य जी की तस्वीर का दुग्धाभिषेक कर विरोध प्रकट किया। शुक्रवार को बारिश होने के बावजूद कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा जारी रखी। इस अवसर पर अशोक शर्मा ने कहा कि शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का सम्मान पूरी देश-दुनिया में किया जाता है, लेकिन भाजपा उन्हें सम्मान देना भूल गई है। प्रयागराज की घटना अत्यंत निंदनीय है, जिससे विश्व में भारत की छवि को ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण बटुक की शिखा खींचने का अधिकार किसी को नहीं है, यह समस्त ब्राह्मण समाज का अपमान है।

यूपी सरकार को संत समाज और जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। पार्षद सुनील कुमार और युवा कांग्रेस सोशल मीडिया प्रभारी शुभम जोशी ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा संतों, ब्राह्मणों, दलितों एवं सभी धर्मों और वर्गों का सम्मान किया है, जबकि भाजपा केवल बड़े उद्योगपतियों का सम्मान करती है। वरिष्ठ महिला नेत्री पुष्पा जोशी और गार्गी राय ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में महिलाओं का शोषण हो रहा है, संतों को पर्वों पर स्नान से रोका जाता है और अंकिता भंडारी हत्याकांड में वीआईपी का नाम छुपाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में जनता की कोई सुनवाई नहीं है। पदयात्रा में मिथलेश गिल, प्रदीप भाटिया, दिनेश दुबे, मनोज सैनी, विकास चंद्रा, मनोज जाटव, नकुल माहेश्वरी, रमेश शर्मा, अखिल त्यागी, समर्थ अग्रवाल, नारायण सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
[banner id="7349"]



