उत्तराखंड

पुलिस टीम पर हमला कर आरोपी को छुड़ाया, परिजनों समेत फरार; तलाश में जुटी लक्सर पुलिस

कलयुग दर्शन (24×7)

सागर कुमार (सह संपादक)

हरिद्वार। लक्सर कोतवाली क्षेत्र के सुल्तानपुर चौकी अंतर्गत गांव टांडा महतोली में पुलिस टीम पर हमला करने और हिरासत में लिए गए आरोपी को छुड़ाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने आरोपी और उसके परिजनों की तलाश तेज कर दी है। जानकारी के अनुसार, सुमित नामक व्यक्ति ने डायल 112 पर कॉल कर शिकायत दी थी कि गुलशन पुत्र श्यामलाल ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की है। इसके बाद उसने सुल्तानपुर चौकी में भी आरोपी के खिलाफ लिखित तहरीर दी। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए चेतक ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल सतपाल राणा और कांस्टेबल जगत चौहान मौके पर पहुंचे और आरोपी गुलशन को पूछताछ के लिए अपने साथ ले जाने लगे। आरोप है कि इसी दौरान गुलशन ने कांस्टेबल सतपाल राणा के साथ धक्का-मुक्की करते हुए हाथापाई शुरू कर दी।

देखते ही देखते आरोपी के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और पुलिस टीम से भिड़ गए। हंगामे के बीच आरोपी को पुलिस की पकड़ से छुड़ा लिया गया। स्थिति बिगड़ती देख दोनों पुलिसकर्मी चौकी लौट आए और वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद कोतवाली पुलिस की दो टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गांव पहुंचीं, लेकिन तब तक आरोपी अपने परिवार के साथ फरार हो चुका था। पुलिस आरोपी और उसके परिजनों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी का क्षेत्र में विवादित प्रवृत्ति का इतिहास रहा है और वह पहले भी झगड़े, गाली-गलौज और मारपीट की घटनाओं में शामिल रहा है। सीओ लक्सर देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि डायल 112 पर मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर गई थी। जांच के दौरान एक पुलिसकर्मी के साथ हाथापाई की घटना हुई है। आरोपी और उसके परिजन फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button