हरिद्वार में व्यापक सत्यापन अभियान, संदिग्धों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश

कलयुग दर्शन (24×7)
विनय कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशों के क्रम में जनपद हरिद्वार में देहात से लेकर शहर तक व्यापक सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य कानून-व्यवस्था को मजबूत करना, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा बाहरी और संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखना है। पुलिस द्वारा किरायेदारों, घरेलू सहायकों, मजदूरों, फेरी-ठेली वालों और बाहरी व्यक्तियों का गहन सत्यापन किया जा रहा है। अभियान के दौरान बिना सत्यापन रह रहे लोगों से पूछताछ की जा रही है और आवश्यक दस्तावेजों की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सत्यापन अभियान को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखें, बल्कि प्रत्येक संदिग्ध व्यक्ति की पृष्ठभूमि और गतिविधियों की गंभीरता से जांच करें।

एसएसपी हरिद्वार ने सभी थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि सत्यापन के साथ-साथ संदिग्ध व्यक्तियों की “कुंडली खंगालना” अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही जनपद की सुरक्षा व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है। इसलिए अभियान को निरंतर और प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सत्यापन अभियान के दौरान कई ऐसे व्यक्ति सामने आए हैं, जिनका समय रहते सत्यापन न होने से भविष्य में कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न हो सकती थी। ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है और संबंधित लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं।
[banner id="7349"]



