उत्तराखंड

कुंभ मेला 2027: तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, मेलाधिकारी ने ग्राउंड जीरो पर संभाला मोर्चा

कलयुग दर्शन (24×7)

अमित वालिया (संवाददाता)

हरिद्वार। आगामी वर्ष आयोजित होने वाले कुंभ मेला 2027 को भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासनिक तैयारियों ने अब तेज रफ्तार पकड़ ली है। मेला क्षेत्र में प्रस्तावित आधारभूत संरचनाओं, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालु सुविधाओं को समयबद्ध रूप से धरातल पर उतारने के उद्देश्य से मेला प्रशासन पूरी सक्रियता के साथ कार्य कर रहा है। इसी क्रम में मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका स्वयं लगातार ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही हैं, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही न रहे और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे हों। मंगलवार तड़के मेलाधिकारी ने कुंभ नगरी के प्रमुख क्षेत्रों बैरागी कैंप और दक्षद्वीप का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रस्तावित सड़कों, पुलों और घाटों की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला विश्व का सबसे बड़ा धार्मिक समागम है, जिसमें देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु गंगा स्नान और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान बैरागी कैंप क्षेत्र में अखाड़ों एवं विभिन्न धार्मिक संस्थाओं के लिए चिन्हित शिविर स्थलों का अवलोकन किया गया।

मेलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर स्थलों की भूमि का समुचित समतलीकरण, जल निकासी और प्रकाश व्यवस्था का कार्य समय रहते पूरा किया जाए। इसके साथ ही पार्किंग स्थलों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया, ताकि मेले के दौरान यातायात का दबाव नियंत्रित रहे। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं और साधु-संतों की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात प्रबंधन की विस्तृत और व्यावहारिक कार्ययोजना तैयार की जाए। दक्षद्वीप क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान घाटों की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया गया। मेलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि घाटों की सीढ़ियों, रेलिंग और प्रकाश व्यवस्था को मजबूत एवं सुरक्षित बनाया जाए। घाटों पर फिसलन रोकने, नियमित सफाई तथा मरम्मत के लिए अलग से कार्ययोजना तैयार करने को भी कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि गंगा तट पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसलिए किसी भी प्रकार की तकनीकी या संरचनात्मक कमी को तत्काल दूर किया जाना चाहिए। सड़क और पुल निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए मेलाधिकारी ने कहा कि सभी प्रमुख संपर्क मार्गों का सुदृढ़ीकरण तय समय में पूरा किया जाए। दक्षद्वीप पार्किंग से राष्ट्रीय राजमार्ग तक संपर्क मार्ग विकसित करने की योजना पर विशेष बल देते हुए उन्होंने कहा कि इससे मेले के दौरान वाहनों का दबाव कम होगा और यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सकेगा। कनखल क्षेत्र से वाहनों के निकास के लिए वैकल्पिक मार्गों और पुलों की संभावनाओं पर भी विस्तृत अध्ययन कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही मौजूदा पुलों की सुरक्षा जांच और नियमित अनुरक्षण सुनिश्चित करने को कहा गया। मेलाधिकारी ने बिजली, पेयजल और स्वच्छता से जुड़ी प्रस्तावित व्यवस्थाओं की भी मौके पर समीक्षा की।

स्वच्छता को लेकर उन्होंने विशेष सख्ती दिखाते हुए कहा कि मेला क्षेत्र में नियमित सफाई, कूड़ा निस्तारण और सार्वजनिक शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके लिए नगर निगम और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वित कार्ययोजना बनाकर कार्य किया जाए, ताकि मेले के दौरान स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाए रखा जा सके। कुंभ क्षेत्र की आरक्षित भूमि को अतिक्रमणमुक्त रखने के निर्देश भी मेलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मेला क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, जिससे भविष्य में निर्माण और व्यवस्थाओं में कोई बाधा न आए। मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और बेहतर सुविधाएं प्रदान करना मेला प्रशासन की प्रतिबद्धता है। कुंभ मेला 2027 को ऐतिहासिक और सुव्यवस्थित रूप देने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने चेतावनी दी कि इस महत्वपूर्ण आयोजन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह, सीओ ट्रैफिक विनोद सिंह सहित कुंभ मेले से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता और समयबद्धता के साथ करें, ताकि कुंभ मेला 2027 देश-दुनिया के लिए एक अनुकरणीय आयोजन बन सके।

[metaslider id="7337"]


[banner id="7349"]

Related Articles

Back to top button