धामी कैबिनेट के 23 फैसलों पर मुहर, वन आरक्षी भर्ती की आयु सीमा बढ़ी, हरिद्वार में दौड़ेंगी सार्वजनिक परिवहन की बसें

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सचिवालय में आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक में 23 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। कैबिनेट के फैसलों में स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा और शहरी परिवहन से जुड़े कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक में सरकारी मेडिकल कॉलेजों से पीजी करने वाले चिकित्सकों के लिए दो साल तक सरकारी सेवा अनिवार्य करने, वन आरक्षी भर्ती की अधिकतम आयु सीमा 25 से बढ़ाकर 28 वर्ष करने तथा भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क में 25 प्रतिशत की कटौती को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही हरिद्वार में सार्वजनिक परिवहन प्रणाली लागू करने का निर्णय भी लिया गया। कैबिनेट बैठक के बाद अपर सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी ने फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि सरकारी मेडिकल कॉलेजों से पीजी करने वाले चिकित्सकों को अब दो साल तक राजकीय अस्पतालों में अनिवार्य रूप से सेवाएं देनी होंगी। इसके लिए बॉन्ड व्यवस्था लागू की जाएगी। सरकार के इस निर्णय का उद्देश्य सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी दूर करना और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना है।

वन आरक्षी भर्ती में युवाओं को राहत
कैबिनेट ने वन आरक्षी भर्ती की अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष करने का निर्णय लिया है। इससे भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को राहत मिलेगी। वहीं, राजस्व निरीक्षक सेवा नियमावली में संशोधन के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में समिति गठित की जाएगी। उत्तराखंड राज्य नियोजन आयोग के अंतर्गत सेतु आयोग के ढांचे को भी मंजूरी दी गई।
आंगनबाड़ी मानदेय पर मुख्यमंत्री लेंगे फैसला
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि के प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय लेने के लिए कैबिनेट ने मुख्यमंत्री को अधिकृत किया है। इसके अलावा उत्तराखंड सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली के तहत सामाजिक सुरक्षा कोष के गठन को मंजूरी दी गई। कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई) योजना में अब बी फार्मा को भी शामिल किया जाएगा। पहले इसमें केवल डी फार्मा को मान्यता थी। चिकित्सा एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की एक्स-रे तकनीशियन नियमावली को भी स्वीकृति प्रदान की गई।

हरिद्वार में लागू होगी सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था
हरिद्वार शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सार्वजनिक परिवहन प्रणाली लागू करने के प्रस्ताव को कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है। इसके लिए विभिन्न रूट भी निर्धारित किए गए हैं। इस व्यवस्था से शहर में आवागमन सुगम होने और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क की दरों में 25 प्रतिशत की कमी करने का निर्णय लिया गया। आबकारी विभाग में 11 नए पदों के सृजन और चीनी मिलों को पेराई सत्र के दौरान सरकारी बैंक से गारंटी उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। बैठक में विधानसभा सत्र के सत्रावसान को भी स्वीकृति प्रदान की गई। कैबिनेट के इन फैसलों में युवाओं को भर्ती में राहत देने, स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, सामाजिक सुरक्षा का विस्तार करने और हरिद्वार की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया है।



