आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के धरने को पूर्व मेयर गौरव गोयल ने दिया समर्थन

कलयुग दर्शन (24×7)
नरेश मित्तल (संवाददाता)
रुड़की। पुरानी कचहरी परिसर में मानदेय बढ़ाने सहित दो सूत्रीय मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं का अनिश्चितकालीन धरना जारी है। विगत 23 अक्टूबर से धरने पर बैठी कार्यकत्रियों को समर्थन देने के लिए पूर्व मेयर गौरव गोयल धरना स्थल पर पहुंचे। धरने पर बैठी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने बताया कि उनकी दो प्रमुख मांगें हैं। इनमें सेवानिवृत्ति पर 10 लाख रुपये की धनराशि देने तथा मासिक मानदेय बढ़ाकर 24 हजार रुपये करने की मांग शामिल है। ब्लॉक अध्यक्ष ममता पुरी ने बताया कि सरकार की ओर से उन्हें आश्वासन दिया गया है कि एक दिसंबर तक उनका मानदेय बढ़ा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी कई बार सरकार की ओर से आश्वासन दिए जा चुके हैं, लेकिन उन पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

इस अवसर पर पूर्व मेयर गौरव गोयल ने धरनारत आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी मांगें पूरी तरह जायज हैं। सरकार को उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मांगों का समाधान करना चाहिए। धरने में अंजू, अनुराधा, राधा देवी, रोमी, रूबी, ममता गोयल सहित सैकड़ों आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।



