उत्तराखंड

कुंभ 2027: संतों ने मांगी निशुल्क भूमि और मूलभूत सुविधाएं

कलयुग दर्शन (24×7)

दीपक झा (संवाददाता)

हरिद्वार। कुंभ मेला 2027 में संत-महात्माओं, अखाड़ों, मठों, मढ़ियों, मंदिरों और आश्रमों को शिविर लगाने के लिए निशुल्क भूमि तथा टेंट, बिजली, पानी, शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठी है। षड्दर्शन साधुसमाज, अखिल भारतीय सनातन धर्म रक्षा समिति के पदाधिकारियों ने मेला अधिकारी सोनिका से मुलाकात कर प्रयागराज, नासिक और उज्जैन कुंभ की तर्ज पर व्यवस्थाएं करने का आग्रह किया। समिति की ओर से सौंपे गए पत्र में कहा गया कि देशभर से संत-महात्माओं और धार्मिक संस्थाओं ने कुंभ में शिविर लगाने के लिए आवेदन किए हैं, लेकिन उन्हें भूमि आवंटन के लिए शुल्क जमा करने और टेंट, बिजली, पानी व शौचालय की व्यवस्था स्वयं करने की जानकारी दी जा रही है। जबकि प्रयागराज, नासिक और उज्जैन कुंभ में संतों एवं धार्मिक संस्थाओं को निशुल्क भूमि के साथ आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। समिति के अध्यक्ष श्रीमहंत गोपाल गिरि एवं उपाध्यक्ष श्रीमहंत चेतनानंद गिरि महाराज ने कहा कि हरिद्वार में वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले कुंभ मेले में संतों की परंपराओं और अखाड़ों के शाही स्नान की व्यवस्थाओं का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने अर्धकुंभ की परंपरा और शाही स्नान को लेकर अपनी आपत्तियां भी दर्ज कराईं।

समिति ने ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट को कुंभ स्नान की दृष्टि से विकसित करने की मांग भी उठाई। पत्र में 14 जनवरी को देवप्रयाग में अमृत स्नान, छह फरवरी को मौनी अमावस्या तथा 11 फरवरी 2027 को बसंत पंचमी पर ऋषिकेश के त्रिवेणी संगम में स्नान के प्रस्तावित कार्यक्रम का उल्लेख किया गया। इसके बाद महाशिवरात्रि से बैसाखी तक हरिद्वार में स्नान की परंपरा रहेगी। संतों ने त्रिवेणी घाट के सौंदर्यीकरण के साथ गंगा में संगम घाट से करीब 20 फीट अंदर 10 फीट ऊंची सुरक्षा रेलिंग लगाने तथा धर्म ध्वजा की स्थापना के लिए 60 फीट ऊंची बल्ली उपलब्ध कराने की मांग की। संतों की मांगों को सुनने के बाद मेला अधिकारी सोनिका ने शीघ्र यथासंभव कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी प्रबोधानंद गिरि सहित करीब दो दर्जन संत-महात्मा उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button