सपना चौहान बनीं मानवाधिकार जर्नलिस्ट एसोसिएशन की हरिद्वार जिलाध्यक्ष

कलयुग दर्शन (24×7)
संदीप कुमार (संवाददाता)
रुड़की। अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार जर्नलिस्ट एसोसिएशन ने संगठन का विस्तार करते हुए पत्रकार सपना चौहान को हरिद्वार जनपद का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। देहरादून स्थित संगठन के राष्ट्रीय कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान यह नियुक्ति राष्ट्रीय अध्यक्ष अकील खान के निर्देश पर राष्ट्रीय महासचिव जीएस मिश्रा एवं राष्ट्रीय संयुक्त सचिव सूरजभान चौहान की अनुशंसा पर की गई। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अकील खान ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य मानवाधिकारों की रक्षा करना, पत्रकारों के उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाना तथा गरीब, असहाय और पीड़ित लोगों को न्याय दिलाने के लिए प्रयास करना है। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। उनके अधिकारों की रक्षा करना संगठन की प्राथमिकता है। संगठन पत्रकारों के उत्पीड़न और मानवाधिकारों के उल्लंघन से जुड़े मामलों में पीड़ितों के साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि संगठन देशभर में मजबूत टीम तैयार कर जरूरतमंदों की सहायता और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने का कार्य कर रहा है।

सपना चौहान की सामाजिक सक्रियता और सेवा भावना को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में हरिद्वार जनपद में संगठन को मजबूती मिलेगी और पीड़ितों की आवाज प्रभावी ढंग से उठाई जाएगी। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सपना चौहान ने राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह सौंपी गई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्ठा से करेंगी। उनका प्रयास रहेगा कि जनपद में मानवाधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाए और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाए। बैठक में राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष बीपी शर्मा, राष्ट्रीय महासचिव सलीम भारती, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं एडवोकेट गुलबहार राव, कानूनी सलाहकार एडवोकेट आमिर मिर्जा, दिल्ली हाईकोर्ट की एडवोकेट रजिया, एडवोकेट ललिता बौद्धा सहित अन्य पदाधिकारियों ने सपना चौहान को बधाई दी। इस अवसर पर समीर मलिक, आमिर सहित संगठन के अन्य सदस्य मौजूद रहे।



