नशे से दूर रहकर विकसित भारत के निर्माण में भागीदारी निभाएं युवा: प्रियंका शुक्ला

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत विकास भवन सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर तैनात ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) की सीईओ प्रियंका शुक्ला ने की। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सिमरनजीत कौर मौजूद रहीं। बैठक में प्रियंका शुक्ला ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। युवाओं की ऊर्जा का उपयोग सकारात्मक दिशा में होना चाहिए। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ ही अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी नशा मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने की अपील की। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि युवाओं को अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और क्षमता का उपयोग शिक्षा, खेल, कौशल विकास और राष्ट्र निर्माण जैसे सकारात्मक कार्यों में करना चाहिए। नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को प्रभावित करने के साथ ही परिवार एवं समाज पर भी नकारात्मक असर डालती है। इसलिए युवाओं को स्वयं जागरूक होने के साथ दूसरों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना चाहिए।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सिमरनजीत कौर ने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के साथ-साथ उसके परिवार और सामाजिक परिवेश को भी प्रभावित करती है। युवाओं को अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करना चाहिए। बैठक में आयुष, राहुल कुमार, आदित्य चौहान, रोशन और मनोज चौहान सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को खेल, शिक्षा, रचनात्मक गतिविधियों और सामाजिक कार्यों से जोड़कर नशे के विरुद्ध व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। सभी ने संकल्प लिया कि वे किसी भी प्रकार के नशीले अथवा मादक पदार्थ का सेवन नहीं करेंगे और अपने परिवार, मित्रों, रिश्तेदारों तथा आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे। इस दौरान राहुल डबराल, अविनाश सिंह सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए युवा-युवतियां एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



