नाबालिग को प्रेम जाल में फंसाकर दुष्कर्म और ब्लैकमेल करने का आरोपी गिरफ्तार

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। कनखल क्षेत्र में नाबालिग को प्रेम जाल में फंसाकर उसके साथ दुष्कर्म करने और आपत्तिजनक फोटो-वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। पुलिस ने उसे रुड़की रोड से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, बीती 12 नवंबर को जगजीतपुर निवासी एक महिला ने कनखल कोतवाली में तहरीर देकर शिकायत की थी कि नवदीप नाम का युवक उसकी नाबालिग बेटी को आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भेजकर परेशान कर रहा है। आरोपी ने ये फोटो-वीडियो पीड़िता के रिश्तेदारों को भी भेजे थे। पीड़िता ने अपनी मां को बताया कि आरोपी ने उसे प्रेम जाल में फंसाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और इस दौरान आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बना लिए। इन्हीं के आधार पर आरोपी उसे लगातार ब्लैकमेल कर रहा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। नाबालिग से जुड़े गंभीर अपराध को देखते हुए एसएसपी ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद कनखल पुलिस की टीम ने आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। हालांकि, आरोपी बार-बार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस को चकमा देने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने लगातार प्रयासों के बाद आरोपी को रुड़की रोड से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नवदीप सैनी पुत्र प्रवीण सैनी, निवासी रोहालकी, थाना बेहट, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।



