सुरेश राठौड़ नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए अनफिट

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। अंकिता भंडारी हत्याकांड के कथित वीआईपी एंगल की जांच के बीच भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। गुजरात के गांधीनगर स्थित फोरेंसिक लैब में मेडिकल जांच के दौरान उन्हें नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए चिकित्सकीय आधार पर अनफिट घोषित कर दिया गया है। इसके चलते अब उनके दोनों परीक्षण नहीं हो सकेंगे। दरअसल, अंकिता भंडारी हत्याकांड के कथित वीआईपी एंगल की जांच के सिलसिले में पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ और अभिनेत्री उर्मिला सनावर का नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट कराया जाना था। इसके लिए दोनों गांधीनगर पहुंचे थे और पिछले तीन-चार दिनों से वहीं ठहरे हुए थे। 24 नवंबर को फोरेंसिक लैब में परीक्षण से पहले दोनों की मेडिकल जांच की गई थी। मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, सुरेश राठौड़ के सिर में क्लॉट होने की बात सामने आई है। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद उन्हें नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए अनुपयुक्त माना गया। गुरुवार को रिपोर्ट मिलने के बाद यह स्पष्ट हो गया कि स्वास्थ्य कारणों से उनका टेस्ट नहीं कराया जा सकेगा। इसके बाद सुरेश राठौड़ गांधीनगर से हरिद्वार लौट रहे हैं।

उर्मिला सनावर ने उठाए थे स्वास्थ्य जांच पर सवाल
गौरतलब है कि टेस्ट की प्रक्रिया शुरू होने से पहले अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने सुरेश राठौड़ की स्वास्थ्य जांच को लेकर सवाल उठाए थे। उन्होंने आशंका जताई थी कि सुरेश राठौड़ शुगर समेत अन्य बीमारियों का हवाला देकर जांच से बचने का प्रयास कर सकते हैं। उर्मिला ने फेसबुक पर अपनी और सुरेश राठौड़ की तस्वीर साझा करते हुए भी इस मामले पर टिप्पणी की थी। अंकिता भंडारी हत्याकांड के कथित वीआईपी एंगल को लेकर जारी जांच के बीच सुरेश राठौड़ का मेडिकल आधार पर अनफिट घोषित होना चर्चा का विषय बना हुआ है।



