पूर्व मेयर गौरव गोयल ने सरकारी स्कूलों में बच्चों को वितरित की शिक्षण सामग्री

कलयुग दर्शन (24×7)
आशु (संवाददाता)
रुड़की। खंजरपुर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, राजकीय प्राथमिक विद्यालय एवं राजकीय प्राथमिक विद्यालय नंबर-3 में पूर्व मेयर गौरव गोयल ने विद्यार्थियों को निशुल्क शिक्षण सामग्री वितरित की। इस अवसर पर गौरव गोयल ने कहा कि शिक्षा केवल नौकरी प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन की समस्याओं का समाधान करने और बेहतर जीवनशैली अपनाने का आधार भी है। शिक्षा व्यक्ति को नई दिशा और मार्गदर्शन प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि गरीब, निर्धन, बेसहारा और असहाय बच्चों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित किया जाए तथा सरकारी शैक्षिक योजनाओं का लाभ जरूरतमंद विद्यार्थियों तक पहुंचे। उन्होंने सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों की घटती संख्या पर चिंता जताते हुए कहा कि सरकार को इस ओर विशेष ध्यान देना चाहिए। सरकारी विद्यालयों में बेहतर सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाए तो यहां से भी आईएएस और पीसीएस जैसे अधिकारी तैयार हो सकते हैं।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री और देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद का उदाहरण देते हुए कहा कि इन महान व्यक्तित्वों ने भी साधारण परिवेश में शिक्षा प्राप्त कर देश के सर्वोच्च पदों तक पहुंच बनाई। विद्यालयों के प्रधानाध्यापक रविराज, जयंती ठाकुर और अवधेश कुमार ने कहा कि पूर्व मेयर गौरव गोयल पिछले 20 वर्षों से लगातार सरकारी विद्यालयों के बच्चों को निशुल्क शिक्षण सामग्री वितरित कर रहे हैं। उनके इस प्रयास से बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ती है और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। इस अवसर पर महेश प्रधान, अजय प्रधान, समाजसेवी अमित अग्रवाल, तेज सिंह वर्मा, योगेंद्र सिंह जयराथिया, पूनम शर्मा, हेमलता और अंजू वर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



