कनखल के आनंद विहार में गंगेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि धूमधाम से मनाई

कलयुग दर्शन (24×7)
दीपक कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। कनखल क्षेत्र स्थित कॉलोनी आनंद विहार में नवनिर्मित गंगेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। प्रातःकाल से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी और पूरा वातावरण ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। मंदिर को रंग-बिरंगे फूलों एवं आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया था। शिवभक्तों ने भगवान भोलेनाथ का विधिवत जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और बेलपत्र अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति एवं मंगलकामना की। इस अवसर पर अवधेश झा द्वारा भगवान शिव की पूजा अर्चना व हवन किया गया। जिसमें कॉलोनी वासियों ने भाग लेकर धर्मलाभ अर्जित किया। कार्यक्रम का संचालन अवधेश झा के नेतृत्व में किया गया। उनके साथ राजेश दत्त, राम किशोर त्यागी एवं अन्य कॉलोनीवासियों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।

सोमवार को सामूहिक रूप से खीर तैयार कर श्रद्धालुओं में प्रसाद के रूप में वितरित की गई। प्रसाद वितरण के दौरान भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला और सभी ने एक-दूसरे को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। कॉलोनीवासियों ने बताया कि गंगेश्वर महादेव मंदिर में यह महाशिवरात्रि विशेष महत्व रखती है, क्योंकि मंदिर के नवनिर्माण के पश्चात यह पहला प्रमुख धार्मिक आयोजन था, जिसे सामूहिक रूप से भव्य रूप में संपन्न कराया गया। सभी ने भविष्य में भी इसी प्रकार एकजुट होकर धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों को सफल बनाने का संकल्प लिया। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे मंदिर से जुड़े आगामी कार्यक्रमों में भी बढ़-चढ़कर भाग लें तथा अपने सुझाव प्रदान करें, ताकि ऐसे आयोजन और अधिक सुव्यवस्थित, भव्य एवं गरिमामय रूप में संपन्न किए जा सकें। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिभाव, आपसी सौहार्द और सामाजिक एकता की सुंदर झलक देखने को मिली, जिससे कॉलोनी में देर शाम तक धार्मिक उत्साह का वातावरण बना रहा।
[banner id="7349"]



