उत्तराखंड

कुंभ-2027 के लिए गंगा घाटों का निर्माण तेज, अपर मेलाधिकारी ने किया निरीक्षण

कलयुग दर्शन (24×7)

मो नदीम (संपादक)

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 के मद्देनजर श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक गंगा स्नान की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए घाटों का निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। इसी क्रम में अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने मंगलवार को बहादराबाद स्थित निर्माणाधीन छठ पूजा घाट तथा ज्वालापुर में जटवाड़ा पुल और दुर्गा मंदिर के समीप बन रहे घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्धारित समयसीमा में निर्माण कार्य पूरा करने और गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। अपर मेलाधिकारी ने गंगनहर बंदी की अवधि में घाटों के जलमग्न रहने वाले हिस्सों का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर युद्धस्तर पर पूरा करने को कहा। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर थर्ड पार्टी निरीक्षण और जांच कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि घाटों का निर्माण इस तरह किया जाए, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक स्नान की व्यवस्था मिल सके। बहादराबाद क्षेत्र में बैरियर संख्या छह के निकट करीब 200 मीटर लंबे छठ पूजा घाट का निर्माण कराया जा रहा है।

वहीं, ज्वालापुर में जटवाड़ा पुल के अपस्ट्रीम क्षेत्र में लगभग 300 मीटर तथा दुर्गा मंदिर के समीप करीब 30 मीटर लंबे घाट का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इन घाटों के तैयार होने से स्थानीय नागरिकों के साथ ही विभिन्न पर्वों और धार्मिक आयोजनों में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर स्नान सुविधाएं मिल सकेंगी। ज्वालापुर क्षेत्र के स्थानीय निवासियों और मंदिर समिति के सदस्यों ने घाट निर्माण के लिए राज्य सरकार एवं मेला प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह स्थानीय लोगों और मंदिर समिति की लंबे समय से चली आ रही मांग थी। घाटों के निर्माण से क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं को गंगा स्नान के लिए सुरक्षित एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button