उत्तराखंड

रानीपुर में सड़कों के निर्माण कार्य जल्द होंगे शुरू

विधायक आदेश चौहान ने PWD अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक, कुंभ कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश

कलयुग दर्शन (24×7)

संदीप कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए विधायक आदेश चौहान ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में क्षेत्र की प्रमुख सड़कों के पुनर्निर्माण, आंतरिक सड़कों के निर्माण और कुंभ मेला-2027 के तहत चल रहे विकास कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। विधायक आदेश चौहान ने अधिकारियों को राजा गार्डन मुख्य मार्ग, फुटबॉल ग्राउंड मुख्य मार्ग तथा शांतिपुरम चौराहे से हाईवे को जोड़ने वाले मार्ग का पुनर्निर्माण कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिवालिकनगर, सलेमपुर महदूद, ज्वालापुर और टिहरी विस्थापित क्षेत्र की आंतरिक सड़कों के निर्माण एवं सुधार कार्य दीपावली के बाद शुरू करने को कहा, ताकि क्षेत्रवासियों को आवागमन में हो रही परेशानियों से राहत मिल सके। बैठक में कुंभ मेला-2027 के अंतर्गत निर्माणाधीन पुलों एवं अन्य विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई।

विधायक ने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विधायक आदेश चौहान ने कहा कि रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार और सड़कों का सुदृढ़ीकरण उनकी प्राथमिकता है। जनता की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को तेजी से पूरा करने के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी और तत्परता से कार्य करना चाहिए।

Related Articles

Back to top button