रुड़की में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, 13 नमूने जांच के लिए भेजे

कलयुग दर्शन (24×7)
सागर कुमार (सह संपादक)
रुड़की। खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड श्री विनय शंकर पांडेय एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों पर दीपावली पर्व के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रुड़की शहर और रुड़की कैंट क्षेत्र में मिठाई की दुकानों, डेयरियों एवं रिटेल स्टोरों का निरीक्षण किया। खाद्य उपायुक्त लैब गढ़वाल वीरेंद्र सिंह बिष्ट एवं सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी के नेतृत्व में गठित टीम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेंद्र पांडेय और दिलीप जैन शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान मिठाइयों के 12 तथा पनीर का एक नमूना सहित कुल 13 खाद्य नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए एकत्र किए गए। जांच के दौरान बेकरी उत्पादों पर निर्माण एवं एक्सपायरी तिथि अंकित नहीं होने तथा खाद्य लाइसेंस प्रदर्शित नहीं करने पर तीन खाद्य कारोबारियों को नोटिस जारी किए गए।

साथ ही मिठाई एवं बेकरी उत्पाद विक्रेताओं को निर्देश दिए गए कि वे अपने उत्पादों पर निर्माण तिथि और एक्सपायरी तिथि अनिवार्य रूप से अंकित एवं प्रदर्शित करें। निर्देशों का पालन नहीं करने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान मोबाइल फूड लैब के माध्यम से मिठाई, दूध एवं दुग्ध उत्पादों, खाद्य तेल और बेकरी उत्पादों की मौके पर जांच की गई। कुल 73 खाद्य नमूनों की जांच में 14 नमूने मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए, जिन्हें टीम ने मौके से हटवा दिया। खाद्य विश्लेषण टीम में खाद्य कनिष्ठ विश्लेषक अनुराग एवं लैब सहायक गौरव नेगी उपस्थित रहे।



