जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन
44 में से 24 शिकायतों का मौके पर समाधान, शेष के लिए एक सप्ताह की समयसीमा

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में तहसील हरिद्वार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। तहसील दिवस के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों द्वारा विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 44 शिकायतें दर्ज कराई गईं, जिनमें से 24 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के शीघ्र समाधान हेतु जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित मामलों का एक सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। तहसील दिवस में दर्ज शिकायतों में भूमि विवाद, अतिक्रमण, पेयजल, विद्युत, राशन आदि से संबंधित समस्याएं प्रमुख रहीं।

इस अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि तहसील दिवस में जनता द्वारा दर्ज कराई गई प्रत्येक समस्या का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा है कि जनपदवासियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और तहसील स्तर पर ही समस्याओं का निराकरण हो। भूमि विवादों को लेकर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, पटवारी एवं लेखपालों को निर्देश दिए कि वे संबंधित मामलों में स्थलीय निरीक्षण कर भूमि की पैमाइश करें और वस्तुस्थिति की गहन जांच के उपरांत निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करें। तहसील दिवस के दौरान उप जिलाधिकारी हरिद्वार जितेंद्र कुमार, तहसीलदार हरिद्वार सचिन कुमार, जल संस्थान, विद्युत विभाग, पेयजल विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
[banner id="7349"]



