डीएम ने चिकित्सा प्रबंधन समितियों की समीक्षा बैठक में व्यवस्थाओं में सुधार पर दिया जोर

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कलेक्ट्रेट रोशनाबाद स्थित कार्यालय कक्ष में जिला चिकित्सालय, चैन राय जिला महिला चिकित्सालय तथा मेला (उप जिला) चिकित्सालय की चिकित्सा प्रबंधन समितियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने और अस्पतालों की व्यवस्थाओं में लगातार सुधार के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने मरीजों व तीमारदारों के लिए पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, आवश्यक चिकित्सा उपकरण, औषधि, रसायन व सर्जिकल सामग्री की नियमानुसार उचित दरों पर खरीद सुनिश्चित करने को कहा। मेला अस्पताल में रंग-रोगन, रेलिंग, जनरेटर, सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन उपकरणों की मरम्मत, सैनिटाइजेशन व साफ-सफाई संबंधी कार्यों का एस्टीमेट तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

उन्होंने मेला अस्पताल के आसपास तथा अस्पताल मार्ग के दोनों ओर से अतिक्रमण हटाने और अस्पताल परिसर व आसपास कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में डॉ. राजेश गुप्ता, प्रमुख अधीक्षक शशिकांत, सांसद प्रतिनिधि बृजेश कुमार गुप्ता व राकेश शर्मा, विधायक प्रतिनिधि राजेश जोशी, मेयर प्रतिनिधि सचिन प्रसाद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके सिंह, नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी, वरिष्ठ कोषाधिकारी अजय कुमार, डॉ. नरेश चौधरी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



