गैस सिलेंडर और मिठाई की दुकानों पर घटतौली, छह प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। त्योहारी सीजन में उपभोक्ताओं को घटतौली से बचाने के लिए विधिक माप विज्ञान विभाग ने विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। विभागीय टीम ने मिठाई की दुकानों और घरेलू गैस सिलेंडर डिलीवरी वाहनों की जांच की। अनियमितताएं मिलने पर तीन गैस एजेंसियों और तीन मिठाई विक्रेताओं सहित कुल छह प्रतिष्ठानों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई। जिलाधिकारी एवं नियंत्रक विधिक माप विज्ञान के निर्देशों पर चलाए गए अभियान के दौरान करीब 10 गैस सिलेंडर डिलीवरी वाहनों की जांच की गई। इनमें एक वाहन में घरेलू गैस सिलेंडरों का वजन निर्धारित मानक से कम पाया गया, जबकि दो वाहनों में सिलेंडरों का वजन जांचने के लिए आवश्यक तौल उपकरण उपलब्ध नहीं थे। वहीं, 12 मिठाई की दुकानों के निरीक्षण के दौरान तीन विक्रेता मिठाई को डिब्बे सहित तौलते पाए गए।

जांच में 50 से 120 ग्राम तक मिठाई की घटतौली सामने आई। विभाग ने इसे उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी मानते हुए विधिक माप विज्ञान अधिनियम, 2009 एवं संबंधित नियमों के तहत छह प्रतिष्ठानों के खिलाफ मामले दर्ज किए। वरिष्ठ निरीक्षक प्रदीप बिजल्वाण ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए उपभोक्ताओं को सही वजन और निर्धारित मात्रा में सामान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के हितों से खिलवाड़ करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। निरीक्षण टीम में वरिष्ठ निरीक्षक प्रदीप बिजल्वाण और निरीक्षक दीप प्रकाश सेमवाल शामिल रहे।



