कुंभ कार्यों की गुणवत्ता परखी, फुटपाथ निर्माण में मानकों का पालन करने के निर्देश

कलयुग दर्शन (24×7)
सागर कुमार (सह संपादक)
हरिद्वार। आगामी कुंभ मेले की तैयारियों के तहत मेला अधिकारी श्रीमती सोनिका के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र और टेक्निकल निरीक्षण टीम ने भगत सिंह चौक, ऋषिकुल चौराहे के आसपास निर्माणाधीन फुटपाथ तथा साक्षी सतनाम घाट और अमरापुर घाट क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों का तकनीकी निरीक्षण किया। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि कुंभ मेले के लिए विभिन्न स्थायी निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के लिए टेक्निकल सेल के साथ तृतीय पक्ष निरीक्षण टीम भी लगातार स्थलीय निरीक्षण कर रही है। इसका उद्देश्य निर्माण कार्यों में सामने आने वाली कमियों को समय रहते दूर करना है, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।

निरीक्षण के दौरान उत्तराखंड शासन से नामित विशेष समन्वयक अधिकारी एवं कुंभ मेला गंगा प्रसाद पंत ने भगत सिंह चौक और ऋषिकुल चौराहे के पास निर्माणाधीन फुटपाथ से संबंधित कार्य विवरण का बोर्ड तत्काल लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यदायी संस्था को फुटपाथ का एलाइनमेंट निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने तथा निर्माण कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जनपद में कुंभ मेले से संबंधित अन्य निर्माण कार्यों का भी नियमित तकनीकी निरीक्षण किया जा रहा है। गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न हो, इसके लिए निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी की जाएगी। इस दौरान उप मेला अधिकारी आकाश जोशी, अधीक्षण अभियंता एवं कुंभ मेला नोडल अधिकारी निर्माण कार्य अरविंद भट्ट, कार्यदायी संस्था के अधिकारी-कर्मचारी तथा तृतीय पक्ष संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।



