उत्तराखंड

त्योहारी सीजन में अधिक किराया वसूली और ओवरलोडिंग पर परिवहन विभाग सख्त, 45 चालान

कलयुग दर्शन (24×7)

सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। त्योहारी सीजन में यात्रियों से निर्धारित दर से अधिक किराया वसूलने और ओवरलोडिंग करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान में कुल 45 चालान किए गए। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में इंटरसेप्टर प्रभारी वरुणा सैनी ने अभियान संचालित किया। इस दौरान ऑटो, विक्रम, ई-रिक्शा सहित अन्य यात्री वाहनों की जांच की गई। ओवरलोडिंग, निर्धारित दर से अधिक किराया वसूली, परमिट शर्तों का उल्लंघन और अन्य अनियमितताओं के मामलों में 45 चालान किए गए।

अभियान के दौरान वाहन चालकों की काउंसलिंग भी की गई। उन्हें यात्रियों से निर्धारित किराया लेने, वाहन में तय क्षमता के अनुसार सवारी बैठाने, परमिट की शर्तों का पालन करने और यात्रियों के साथ शालीन व्यवहार करने के निर्देश दिए गए। परिवहन विभाग ने यात्रियों से अपील की है कि यदि कोई वाहन चालक निर्धारित दर से अधिक किराया मांगता है तो वाहन का पंजीकरण नंबर और यात्रा का विवरण सुरक्षित रखते हुए विभाग में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Back to top button