धूम सिंह मेमोरियल पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास से मनी दीपावली, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

कलयुग दर्शन (24×7)
दीपक झा (संवाददाता)
हरिद्वार। धूम सिंह मेमोरियल पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को दीपावली का पर्व हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों एवं अंतरसदनीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों के हिंदी और अंग्रेजी भाषणों से हुआ। विद्यार्थियों ने भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन, दीपावली के महत्व तथा सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल दीपावली मनाने का संदेश दिया। संगीत शिक्षकों ने भक्तिमय गीत प्रस्तुत किए, वहीं शिक्षिका ने दीपावली पर कविता पाठ किया। समूह नृत्य, एकल नृत्य और राम स्तुति की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। शिक्षकों ने भी दीपावली के आध्यात्मिक एवं सामाजिक महत्व पर अपने विचार रखे। इस अवसर पर विद्यालय के एमडी मुकेश चौहान ने विद्यार्थियों को परिश्रम, अनुशासन और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। प्रधानाचार्या साधना भाटिया ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मिट्टी के दीयों को रंगों, शीशों और आकर्षक सजावटी सामग्री से सजाया। मध्य वर्ग के विद्यार्थियों ने सुंदर दीया स्टैंड बनाए, जबकि वरिष्ठ विद्यार्थियों ने आकर्षक तोरण और वॉल हैंगिंग तैयार कीं। अंतरसदनीय रंगोली प्रतियोगिता में कक्षा आठ से दस तक के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक विषयों पर तथा कक्षा 11 और 12 के विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण विषय पर आकर्षक रंगोलियां बनाईं। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करने के साथ भारतीय संस्कृति और प्रकृति संरक्षण का संदेश भी दिया। कार्यक्रम का समापन प्रकाश, प्रेम, सद्भाव और एकता के संदेश के साथ हुआ।



