श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन के महंत श्री डॉ. सूर्याक्ष मुनि ने देशवासियों को दी दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं
दीपावली का पर्व आपसी प्रेम, सद्भाव, एकता और भाईचारे का प्रतीक: महंत डॉ. सूर्याक्ष मुनि

कलयुग दर्शन (24×7)
संदीप कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन, शाहपुर शीतला खेड़ा के महंत श्री डॉ. सूर्याक्ष मुनि महाराज ने दीपावली के पावन पर्व पर समस्त देशवासियों एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कामना की कि प्रकाश और खुशियों का यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति, आरोग्यता और नई ऊर्जा लेकर आए। महंत श्री डॉ. सूर्याक्ष मुनि महाराज ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का त्योहार नहीं है, बल्कि यह अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश देने वाला महान पर्व है। भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म में दीपावली का विशेष आध्यात्मिक एवं धार्मिक महत्व है। यह पर्व हमें अपने जीवन से अज्ञान, अहंकार, ईर्ष्या और नकारात्मकता को दूर कर ज्ञान, प्रेम, करुणा और सद्भाव का प्रकाश फैलाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन की स्मृति में मनाया जाने वाला दीपावली का पर्व हमारी सनातन परंपरा, मर्यादा, त्याग और आदर्श जीवन मूल्यों का प्रतीक है। भगवान श्रीराम का जीवन हमें सत्य, धर्म, कर्तव्यनिष्ठा और समाज के प्रति समर्पण का मार्ग दिखाता है। ऐसे पावन अवसर पर प्रत्येक व्यक्ति को अपने भीतर सद्गुणों का दीप प्रज्वलित करने का संकल्प लेना चाहिए।

महंत श्री डॉ. सूर्याक्ष मुनि महाराज ने कहा कि वर्तमान समय में समाज को आपसी प्रेम, एकता, भाईचारे और सद्भाव की सबसे अधिक आवश्यकता है। दीपावली जैसे पावन पर्व हमें सभी मतभेद भुलाकर एक-दूसरे के साथ खुशियां बांटने और जरूरतमंदों की सहायता करने का संदेश देते हैं। पर्व की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब हमारे आसपास रहने वाला प्रत्येक व्यक्ति भी खुशियों में शामिल हो और समाज में किसी के जीवन में निराशा एवं अभाव न रहे। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि दीपावली का पर्व श्रद्धा, उल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाएं। पर्यावरण की सुरक्षा का ध्यान रखें तथा प्रदूषण रहित दीपावली मनाने का प्रयास करें। साथ ही अपने परिवार, समाज और राष्ट्र की सुख-समृद्धि एवं उन्नति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करें। अंत में महंत श्री डॉ. सूर्याक्ष मुनि महाराज ने समस्त संत समाज, धर्मप्रेमी जनता, श्रद्धालुओं और देशवासियों के सुखमय एवं मंगलमय जीवन की कामना करते हुए कहा कि मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की कृपा सभी पर बनी रहे तथा देश में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली का वातावरण कायम हो।



