उत्तराखंडराजनीति

त्रिवेंद्र सिंह रावत ने जताई चिंता, कहा राज्य की मौजूदा हालात में सुधार जरूरी, पार्टी की छवि बिगाड़ने वालों को चेताया जाएगा

कलयुग दर्शन (24×7)

मो. नदीम (संपादक)

देहरादून। हरिद्वार से सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में उत्तराखंड के मौजूदा हालात को लेकर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राज्य में हालात सुधरने की सख्त जरूरत है और किसी भी सूरत में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की छवि को नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए।

उन्होंने कहा, “जो लोग भी पार्टी की छवि खराब करने की कोशिश करेंगे, उन्हें बार-बार चेताया जाएगा। यह हमारा फर्ज है।” उन्होंने मौजूदा कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि कुछ मामलों में पुलिस 8 महीने से और कुछ मामलों में दो महीने से एफआईआर दर्ज नहीं कर रही है। इसे गंभीर और चिंताजनक विषय बताते हुए उन्होंने कहा कि जनता ने भाजपा को भरोसा करके 47 विधायक और 5 सांसद दिए हैं, इसलिए पार्टी को हर हाल में जनता का विश्वास बनाए रखना होगा।

कांग्रेस के आरोपों पर जवाब
पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत के भाजपा को 30 करोड़ चंदा मिलने के आरोपों पर त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि यह गलत है। उन्होंने स्पष्ट किया, “भाजपा को 27 करोड़ का चंदा मिला है, जो पूरी तरह पारदर्शिता के साथ बैंकिंग माध्यम से प्राप्त हुआ है। हर एक रुपया रिकॉर्ड में है। देश की हर राजनीतिक पार्टी को चंदा मिलता है, इसमें कोई गलत बात नहीं है। भाजपा ने यह प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ निभाई है।”

हरक सिंह रावत के बयानों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि “हरक सिंह रावत कभी-कभी सच बोल देते हैं, वरना अक्सर जो आज कहते हैं, कल उससे पलट जाते हैं।”

खनन पर विचार
राज्य में खनन को लेकर व्याप्त भ्रष्टाचार के सवाल पर उन्होंने कहा कि खनन आवश्यक है लेकिन यह कानून के दायरे में होना चाहिए। उन्होंने उदाहरण देकर कहा, “अगर हम तालाब से पानी लेते हैं तो जरूरत का पानी लेना चाहिए, मशीन लगाकर पूरा तालाब खाली नहीं करना चाहिए। इसी तरह खनन भी मर्यादा में हो, ताकि नदियों से खेत-खलियान सुरक्षित रहें और राज्य को राजस्व भी मिले।”

विपक्ष के रवैये पर टिप्पणी
हाल ही में गैरसैंण में संपन्न मानसून सत्र में विपक्ष के व्यवहार पर त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि विरोध करना विपक्ष का अधिकार है, लेकिन यह नियम और मर्यादा के तहत होना चाहिए। उन्होंने कहा, “सदन में अमर्यादित आचरण सही नहीं है। अगर आज सत्ता में भाजपा है और कांग्रेस इस तरह का व्यवहार कर रही है, तो भविष्य में अगर कांग्रेस सत्ता में आई और भाजपा ऐसा करेगी, तो क्या कांग्रेस को अच्छा लगेगा?”

उन्होंने जोर देकर कहा कि विधायक जनता के भरोसे से विधानसभा पहुंचते हैं और अगर वे जनता के दिए दायित्व का पालन नहीं करते, तो जनता समय आने पर हिसाब कर देती है।

[metaslider id="7337"]


[banner id="7349"]

Related Articles

Back to top button