पुलिस ने सिलसिलेवार वाहन चोरियों का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया

कलयुग दर्शन (24×7)
नरेश मित्तल (संवाददाता)
हरिद्वार। थाना सिडकुल क्षेत्र में लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरियों पर आखिरकार हरिद्वार पुलिस का शिकंजा कस ही गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार प्रमेन्द्र सिंह डोबाल की सख्ती और स्पष्ट निर्देशों का असर जमीन पर दिखाई दिया, जब सिडकुल पुलिस ने सिलसिलेवार वाहन चोरियों का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पिछले कई दिनों से क्षेत्र में एक के बाद एक दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं से आमजन में रोष और असुरक्षा का माहौल था। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी हरिद्वार ने चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। निर्देशों के क्रम में थाना सिडकुल पुलिस टीम ने घटनास्थलों का सूक्ष्म निरीक्षण कर संदिग्ध गतिविधियों का विश्लेषण किया और क्राइम ग्राफ तैयार कर तकनीकी व मानवीय सूचनाओं को जोड़ा। लगातार प्रयासों के फलस्वरूप दिनांक 08 फरवरी 2026 को गोपनीय सूचना के आधार पर दवा चौक सिडकुल के पास चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने दो संदिग्ध युवकों आयुष पुत्र गंगाराम एवं रोहित पुत्र शिवराम को हिरासत में लिया।

तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई, जो डैन्सो चौक क्षेत्र से चोरी की गई थी। कड़ी पूछताछ में आरोपितों ने वाहन चोरी की अन्य घटनाओं का खुलासा करते हुए बताया कि उन्होंने चोरी के चार अन्य दोपहिया वाहन मुन्जाल शोवा कंपनी के पीछे छिपाकर रखे हैं। पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर मौके पर दबिश देकर कुल 03 मोटरसाइकिल एवं 01 स्कूटी बरामद की। पुलिस जांच में बरामद वाहनों में से 02 वाहनों पर पूर्व से अभियोग पंजीकृत पाए गए हैं, जबकि शेष के संबंध में वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है। दोनों आरोपितों का आपराधिक इतिहास सामने आने के बाद पुलिस अब नेटवर्क और अन्य संभावित संलिप्तों की भी गहनता से जांच कर रही है। हरिद्वार पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल वाहन चोरों में खलबली मची है, बल्कि आमजन ने भी राहत की सांस ली है। पुलिस ने स्पष्ट संकेत दिया है कि जनपद में अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है।
[banner id="7349"]



