लक्सर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, गौकशी की सूचना पर दो गायें सकुशल बरामद

कलयुग दर्शन (24×7)
रजत कुमार (लक्सर प्रभारी)
लक्सर। कोतवाली लक्सर पुलिस को मिली सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कथित गौकशी की घटना को विफल कर दिया। मौके से दो गायों को सकुशल मुक्त कराया गया, जबकि लगभग 150 किलोग्राम मांस एवं अन्य अवशेष बरामद किए गए। प्रकरण में नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस के अनुसार रणसुरा गांव में तैय्यब के घर के पीछे गन्ने के खेत में गौकशी किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक के निर्देशानुसार टीम गठित कर पुलिस एवं गौवंश स्क्वॉड हरिद्वार मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने पर कुछ लोग मौके से फरार हो गए। मौके से गौवंशीय पशु के चार पाये (पैरों के निचले हिस्से), करीब 150 किलोग्राम मांस, एक खाल तथा अन्य सामग्री बरामद हुई।

पशु चिकित्साधिकारी, ब्लॉक बहादराबाद द्वारा निरीक्षण में बरामद मांस को प्रथम दृष्टया गौवंशीय बताया गया। पास ही पेड़ से बंधी दो जीवित गायें भी मिलीं, जिन्हें सुरक्षित मुक्त कर आवश्यक कार्रवाई हेतु थाने लाया गया। इस संबंध में कोतवाली लक्सर में मुकदमा अपराध संख्या 195/26 धारा 3, 5, 11 उत्तराखंड गौसंवर्धन संरक्षण अधिनियम 2007 के अंतर्गत पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा घटना में प्रकाश में आए आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है। कार्रवाई में कोतवाली लक्सर के प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कौशयारी के नेतृत्व में पुलिस टीम तथा गौवंश स्क्वॉड हरिद्वार की टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
[banner id="7349"]



