उत्तराखंड

36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को मिले नियुक्ति पत्र, 13 बेटियां भी शामिल

मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को दिए जनसेवा, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन के निर्देश

कलयुग दर्शन (24×7)

सागर कुमार (सह संपादक)

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें 13 बेटियां भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बेटियों की यह उपलब्धि प्रदेश की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणादायक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सफलता के पीछे अभ्यर्थियों की मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ उनके माता-पिता एवं गुरुजनों का महत्वपूर्ण योगदान है। नियुक्ति के साथ ही सभी अधिकारियों के कंधों पर जनसेवा की बड़ी जिम्मेदारी आ गई है। उन्होंने अधिकारियों से आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके कार्यों का सीधा संबंध लोगों की भूमि, आजीविका और अधिकारों से जुड़ा होता है। इसलिए नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से जुड़े मामलों का निस्तारण पूरी संवेदनशीलता और निर्धारित समयसीमा में किया जाना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से किसानों की समस्याओं को समझते हुए न्यायपूर्ण निर्णय लेने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तहसीलों में आने वाले लोगों की समस्याएं धैर्यपूर्वक सुनें और उन्हें आवश्यक दस्तावेजों एवं प्रक्रियाओं की स्पष्ट जानकारी दें, ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुना जाए।

मुख्यमंत्री ने आपदा के दौरान राजस्व अधिकारियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का सही और समयबद्ध आकलन करने के निर्देश दिए, ताकि पीड़ित परिवारों को नियमानुसार राहत मिल सके। उन्होंने भ्रष्टाचार के प्रति सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि अधिकारी किसी दबाव, सिफारिश या प्रलोभन में आए बिना नियम और तथ्यों के आधार पर निर्णय लें। उन्होंने सरकार के मूल मंत्र ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण’ को कार्यशैली का हिस्सा बनाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में प्रदेश के 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। युवाओं की मेहनत और भविष्य की रक्षा के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। उन्होंने अधिकारियों से ईमानदारी, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारियों की पहचान उनके पद से नहीं, बल्कि जनता के विश्वास से बनेगी। आमजन को सरकारी कार्यालयों में कितनी सहजता से न्याय और समाधान मिलता है, यही प्रशासनिक कार्यशैली की असली कसौटी है। इस अवसर पर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों से राजस्व प्रशासन के माध्यम से आमजन को अधिकतम लाभ पहुंचाने की भावना से कार्य करने की अपेक्षा की। कार्यक्रम में सचिव राजस्व एस.एन. पाण्डेय, सचिव एवं आयुक्त राजस्व परिषद रंजना राजगुरु सहित राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button