संत रविदास के आदर्शों से मजबूत होगी सामाजिक समरसता: सीएम धामी
समरसता संकल्प यात्रा में शामिल हुए मुख्यमंत्री, बोले- समानता और भाईचारे को बढ़ावा दे रही सरकार

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के विचार और आदर्श सामाजिक समरसता, समानता तथा भाईचारे की प्रेरणा देते हैं। प्रदेश सरकार संत रविदास के बताए मार्ग पर चलते हुए समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने और भेदभाव रहित व्यवस्था स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री सोमवार को डॉ. पृथ्वी सिंह विकसित डिग्री कॉलेज, धनौरी में संत गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित समरसता संकल्प यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास की समरसता की सोच को धरातल पर उतारते हुए उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना, जहां समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की गई। इसके माध्यम से सभी नागरिकों के लिए समान कानून की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता केवल भाषणों और नारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि हमारे व्यवहार और कार्यों में भी दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने बताया कि अनुसूचित जाति उपयोजना एवं ट्राइबल सब प्लान के तहत पिछले छह वित्तीय वर्षों में करीब 239 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इनसे अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली जैसी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। वहीं, छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत पिछले तीन वित्तीय वर्षों में एक लाख से अधिक विद्यार्थियों को करीब 114 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति दी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के तहत अनुसूचित जाति बहुल गांवों को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जा रहा है। बाबू जगजीवन राम छात्रावास योजना के तहत देहरादून, अल्मोड़ा और नैनीताल में छात्रावास बनाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत पिछले तीन वर्षों में 209 दंपतियों को एक करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है। वहीं, शादी अनुदान योजना के तहत पात्र अनुसूचित जाति परिवारों की अधिकतम दो बेटियों के विवाह के लिए प्रति बेटी 50 हजार रुपये दिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छकार भाई-बहनों की सुरक्षा और सम्मानजनक रोजगार के लिए नमस्ते योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत उन्हें असुरक्षित सीवर एवं सेप्टिक टैंक की सफाई से मुक्त कर स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने समरसता संकल्प यात्रा को सामाजिक एकता, समानता और भाईचारे को मजबूत करने वाला आयोजन बताते हुए लोगों से संत रविदास के आदर्शों को जीवन में अपनाने की अपील की।

संतों और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में महानिर्वाणी अखाड़े के श्रीमहंत डॉ. रवींद्र पुरी महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरि महाराज, बाबा हठयोगी महाराज, स्वामी प्रबोधानंद गिरि महाराज, महंत अरुणदास महाराज, पूर्व मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री खजान दास, प्रदीप बत्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, रुड़की की मेयर अनीता अग्रवाल, राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल, श्यामवीर सैनी, लाल सिंह आर्य, भोला सिंह और गजेंद्र यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।



