संत रविदास जयंती पर समरसता संकल्प यात्रा का हरिद्वार में भव्य स्वागत

कलयुग दर्शन (24×7)
नरेश मित्तल (संवाददाता)
हरिद्वार। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर हरिद्वार पहुंची देशव्यापी समरसता संकल्प यात्रा का कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक और महापौर किरण जैसल के नेतृत्व में भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पार्षदों और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने यात्रा का अभिनंदन किया। कार्यक्रम में संत रविदास महाराज के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक समरसता, समानता, भाईचारे एवं मानवता को मजबूत करने का संकल्प लिया गया। कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि संत रविदास की वाणी और शिक्षाएं समाज को समानता, सद्भाव और एकता का मार्ग दिखाती हैं। उनके आदर्शों को जीवन में अपनाकर आपसी प्रेम और भाईचारे को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि समरसता संकल्प यात्रा संत रविदास के विचारों को देशभर में पहुंचाने की महत्वपूर्ण पहल है।

संत महापुरुषों की शिक्षाएं समाज को जोड़ने के साथ राष्ट्रीय एकता को भी मजबूत करती हैं। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. स्वराज विद्वान, प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बलबीर घुमियाल, कैबिनेट मंत्री खजान दास, विकास तिवारी, सुशील त्यागी, जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट सहित पार्षदगण और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।



