हरिद्वार के अजय शर्मा का भारतीय वोविनाम टीम में चयन
कंबोडिया में होने वाली छठी एशियन वोविनाम चैंपियनशिप में करेंगे प्रतिभाग

कलयुग दर्शन (24×7)
पारस कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। आशिहारा कराटे मिक्स मार्शल आर्ट से जुड़े हरिद्वार के प्रतिभावान खिलाड़ी अजय शर्मा का भारतीय वोविनाम टीम में चयन हुआ है। वह कंबोडिया में आयोजित होने वाली छठी एशियन वोविनाम चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। अजय शर्मा सोमवार को भारतीय टीम के साथ दिल्ली से कंबोडिया के लिए रवाना हो गए। अजय शर्मा के चयन पर शिवडेल स्कूल के अध्यक्ष स्वामी शरदपुरी महाराज, प्रधानाचार्य पुनीत शर्मा और आशिहारा के उत्तराखंड सचिव अमित कुमार चौधरी ने खुशी जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अमित कुमार चौधरी ने बताया कि भारतीय टीम वोविनाम संगठन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष प्रवीण गर्ग एवं महासचिव शंकर महावले के नेतृत्व में कंबोडिया रवाना हुई है।

अजय शर्मा के चयन में वोविनाम संगठन ऑफ उत्तराखंड के तकनीकी निदेशक एवं उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह रावत, अध्यक्ष ऋषिपाल भारती और महासचिव विनोद लखेड़ा का विशेष मार्गदर्शन एवं सहयोग रहा। अमित कुमार चौधरी ने कहा कि अजय शर्मा का भारतीय टीम में चयन उत्तराखंड और हरिद्वार के लिए गर्व की बात है। उन्हें विश्वास है कि अजय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर देश, प्रदेश, हरिद्वार और अपने माता-पिता के साथ आशिहारा का नाम रोशन करेंगे। इस अवसर पर जयप्रकाश शर्मा, श्वेता, सुमन चौधरी, राजमती देवी, दुर्गावती देवी, संजय शर्मा, राहुल, शिवम कुमार सहित आशिहारा के पदाधिकारियों, सदस्यों और अभिभावकों ने भी अजय शर्मा को शुभकामनाएं दीं।



