शिक्षकों को स्वयं नैतिकता का पालन कर विद्यार्थियों को दें संस्कार: गणेश जोशी
हरिओम सरस्वती पीजी कॉलेज के स्थापना दिवस समारोह में कैबिनेट मंत्री ने शिक्षकों से किया आह्वान

कलयुग दर्शन (24×7)
सागर कुमार (सह संपादक)
हरिद्वार। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षकों को स्वयं नैतिक मूल्यों और आदर्शों का पालन करते हुए विद्यार्थियों को भी नैतिक शिक्षा, संस्कार और अनुशासन की सीख देनी चाहिए। समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सुधार की शुरुआत सबसे पहले स्वयं से करनी होगी। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी सोमवार को हरिओम सरस्वती पीजी कॉलेज, धनौरी के स्थापना दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जब शिक्षक स्वयं आदर्श प्रस्तुत करेंगे, तभी विद्यार्थी उनसे प्रेरणा लेकर बेहतर समाज के निर्माण में योगदान देंगे। इस दौरान उन्होंने महाविद्यालय की स्थापना और विकास में स्वर्गीय शिक्षाविद् डॉ. तेजवीर सिंह सैनी के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र में कभी शिक्षा के पर्याप्त अवसर नहीं थे, वहां डॉ. सैनी ने शिक्षा की अलख जगाई। उनके द्वारा लगाया गया शिक्षा का पौधा आज वटवृक्ष बन चुका है। उनके प्रयासों से क्षेत्र में अनेक शिक्षण संस्थान स्थापित हुए और युवाओं को शिक्षा के बेहतर अवसर मिले। महाविद्यालय के उप प्राचार्य डॉ. योगेश कुमार ने कहा कि क्षेत्र की शिक्षण संस्थाएं स्वर्गीय डॉ. तेजवीर सिंह सैनी के सपनों को साकार करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही हैं।

वहीं, प्राचार्य डॉ. मुनेन्द्र सिंह ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके द्वारा स्थापित संस्थान आज भी उनके विचारों और आदर्शों को आगे बढ़ा रहे हैं। कार्यक्रम में असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अरुणिमा पांडे ने स्थापना दिवस समारोह की रूपरेखा प्रस्तुत की, जबकि कार्यक्रम संयोजक डॉ. अंजली देवी ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इससे पूर्व प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. हर्ष सैनी एवं सचिव डॉ. आदित्य सैनी ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर डॉ. अंजली गौड़, डॉ. निशा रानी, डॉ. छवि, डॉ. रविंद्र कुमार, डॉ. प्रदीप सैनी, डॉ. संजय कुमार, डॉ. अंकेश चौहान, डॉ. जयदेव कुमार, डॉ. सुरभि सागर, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी विंग कमांडर (सेवानिवृत्त) डॉ. सरिता पंवार, डॉ. अंजु सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।



