कार्तिक पूर्णिमा स्नान को लेकर हरिद्वार पुलिस अलर्ट, 36 सेक्टरों में तैनात रहेगा सुरक्षा बल
ऋषिकुल ऑडिटोरियम में पुलिसकर्मियों को दी गई ब्रीफिंग, दो सुपर जोन, 11 जोन और 36 सेक्टरों में बांटा मेला क्षेत्र

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। सोमवार को एसपी सिटी दीपक कुमार और एसपी देहात अभय कुमार ने ऋषिकुल ऑडिटोरियम में स्नान पर्व पर तैनात पुलिस बल को ब्रीफिंग देकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मेला क्षेत्र को दो सुपर जोन, 11 जोन और 36 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा पर हरकी पैड़ी सहित गंगा घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वैकल्पिक मार्गों और निर्धारित पार्किंग की व्यवस्था की गई है। स्नान पर्व के दौरान जनपद में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए कि वे अपनी ड्यूटी पूरी सतर्कता और अनुशासन के साथ निभाएं तथा प्रतिस्थानी के पहुंचने से पहले ड्यूटी स्थल न छोड़ें। घाटों पर डूबने की घटनाओं को रोकने के लिए जल पुलिस की पांच टीमें और एक फ्लड टीम तैनात रहेगी। वहीं, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड, घुड़सवार पुलिस और पीएसी भी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। पूरे मेला क्षेत्र पर सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाएगी। स्थानीय अभिसूचना इकाई के कर्मचारी भी सादे कपड़ों में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखेंगे। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि हरकी पैड़ी और अन्य घाटों पर भीड़ बढ़ने पर रस्सों व बैरिकेडिंग की मदद से श्रद्धालुओं को नियंत्रित किया जाए।

स्नान के बाद श्रद्धालुओं को घाटों पर अनावश्यक रुकने न दिया जाए। मनसा देवी और चंडी देवी मंदिरों में भी श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ मधुर व्यवहार रखने और आपसी समन्वय से ड्यूटी करने को कहा गया। स्नान पर्व की सुरक्षा व्यवस्था के लिए अपर पुलिस अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक, निरीक्षक, उपनिरीक्षक, आरक्षी, महिला पुलिसकर्मी, यातायात पुलिस, पीएसी, अग्निशमन विभाग और जल पुलिस सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहेगा बल
स्नान पर्व के दौरान दो अपर पुलिस अधीक्षक, 10 पुलिस उपाधीक्षक, 16 निरीक्षक, 85 उपनिरीक्षक, 163 मुख्य आरक्षी एवं आरक्षी, 50 महिला आरक्षी, चार कंपनी और एक प्लाटून पीएसी, पांच अग्निशमन टीमें, पांच जल पुलिस टीमें, एक फ्लड टीम, चार प्रिजन वैन तथा बीडीएस और डॉग स्क्वायड की टीम तैनात रहेगी। इसके अलावा यातायात पुलिस और अभिसूचना इकाई के कर्मचारी भी व्यवस्था संभालेंगे।



