उत्तराखंड

जनसुनवाई में 49 शिकायतें दर्ज, 28 का मौके पर निस्तारण

सीडीओ ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध समाधान के निर्देश, सीएम हेल्पलाइन की 870 लंबित शिकायतों पर जताई नाराजगी

कलयुग दर्शन (24×7)

मो नदीम (संपादक)

हरिद्वार। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित 49 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 28 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को भेजा गया। जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल और राशन कार्ड सहित विभिन्न समस्याएं उठाई गईं। वन गुर्जर बजीर अली निवासी गैंडीखाता ने डेरों के आसपास सोलर लाइट लगवाने की मांग की। बाबूराम सैनी ने ग्राम गुम्मावाला स्थित सरकारी नलकूप संख्या 99 जी को स्थानांतरित कराए जाने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया। वहीं तेजेंद्र सिंह ने ओल्ड इंडस्ट्रियल एरिया में मारुति शोरूम के निकट पार्क और सर्विस रोड से अवैध अतिक्रमण हटाने तथा असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की। इसके अलावा यशपाल सिंह, दाताराम, सचिन कुमार, रामकुमार और राव मुन्तवीर ने ग्राम कुतुबपुर में आबादी का गंदा पानी, गोबर और कूड़ा-कचरा खेतों से होकर गुजरने के कारण फसल खराब होने की शिकायत दर्ज कराई। मनोज कुमार निवासी रोहालकी किशनपुर ने ग्राम पंचायत क्षेत्र में रास्ते के खसरा नंबर 250, 249 और 294 से अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग की। वहीं मोहम्मद जाकिर निवासी इक्कड़ खुर्द ने अपने घर से अकील के घर तक करीब 100 फुट सड़क निर्माण कराने के लिए प्रार्थना पत्र सौंपा। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण की आवश्यकता है, उनमें संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय से मौके पर जाकर समस्या का समाधान करें। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

सीएम हेल्पलाइन की 870 शिकायतें लंबित
बैठक में सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की गई। सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाए। विशेष रूप से 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए गए। समीक्षा के दौरान एल-1 स्तर पर 686 और एल-2 स्तर पर 184 शिकायतें लंबित पाई गईं। सीडीओ ने सभी संबंधित अधिकारियों को इन शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। जनसुनवाई में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरके सिंह, उप जिलाधिकारी नीतू डांगर, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत, जीएम डीआईसी उत्तम कुमार तिवारी, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत महेश कुमार बिश्नोई, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, परियोजना निदेशक उरेडा वाईएस बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और फरियादी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button