बैरागी अखाड़ों को बैरागी कैंप में स्थाई रूप से भूमि आवंटित की जाए: श्रीमहंत राजेंद्रदास

कलयुग दर्शन (24×7)
राकेश वालिया (ब्यूरो चीफ)
हरिद्वार। श्रीपंच निर्माेही अनी अखाड़े के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री श्रीमहंत राजेंद्रदास महाराज ने सरकार से तीनों बैरागी अखाड़ों को बैरागी कैंप में स्थाई रूप से भूमि आवंटित करने की मांग की है। श्रीमहंत राजेंद्रदास महाराज ने कहा कि प्रत्येक कुंभ और अर्द्धकुंभ मेले में बैरागी कैंप में तीनों बैरागी अखाड़ों की छावनियां स्थापित होती हैं। बैरागी अखाड़े लंबे समय से बैरागी कैंप में स्थाई रूप से भूमि आवंटित करने की मांग कर रहे हैं। एक महीने बाद अर्द्धकुंभ मेला शुरू होने वाला है और अभी तक तीनों बैरागी अखाड़ों को भूमि आवंटित नहीं की गयी है। श्रीमहंत राजेंद्रदास महाराज ने बताया कि स्थाई रूप से भूमि आवंटन की मांग को लेकर तीनों बैरागी अखाड़ों के अध्यक्ष और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद अध्यक्ष उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, तीरथ सिंह रावत और त्रिवेंद्र सिंह रावत से भी कई बार मुलाकात कर चुके हैं। इसके बावजूद तीनों बैरागी अखाड़ों को आज तक भूमि आवंटित नहीं की गयी है। केवल आश्वासन ही मिले हैं। उन्होंने कहा कि यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी तीन बार भेंटकर भूमि आवंटन का अनुरोध कर चुके हैं।

भूमि आवंटन की मांग को लेकर सरकारों द्वारा की जा रही उपेक्षा से बैरागी अखाड़ों और संतों में रोष है। श्रीमहंत राजेंद्रदास महाराज ने कहा कि अखाड़ों की आपसी फूट का सरकार और प्रशासन द्वारा लाभ उठाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अखाड़ों को आपसी मतभेद भुलाकर एक मंच पर आना चाहिए। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र सरकार द्वारा नासिक कुंभ मेले के लिए सभी अखाड़ों को सहयोग राशि प्रदान कर दी गयी है। जबकि हरिद्वार अर्द्धकुंभ मेला शुरू होने में एक महीना शेष रह गया है और सरकार ने अभी तक किसी भी अखाड़े को सहयोग प्रदान नहीं किया है। सरकार और प्रशासन के रूख को देखते हुए अखाड़ों को जल्द से जल्द एकजुट होकर अपने हक के लिए आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद द्वारा शीघ्र ही सभी तेरह अखाड़ों की बैठक का आयोजन कर उचित निर्णय लिया जाएगा।



