उत्तराखंड

यातायात नियमों के उल्लंघन पर परिवहन विभाग की कार्रवाई, 44 चालान और दो वाहन सीज

कलयुग दर्शन (24×7)

सागर कुमार (सह संपादक)

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर परिवहन विभाग ने सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर चेकिंग अभियान चलाया। एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा और एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में 42 वाहनों के 44 चालान किए गए, जबकि दो मालवाहक वाहनों को सीज किया गया। कार्रवाई में 19 बसें भी शामिल रहीं। अभियान के दौरान कश्यप आश्रम, ऋषिकुल, मायापुर और राष्ट्रीय राजमार्ग पर नो स्टॉपिंग जोन में खड़े होकर यातायात बाधित करने वाले 19 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। बसों की जांच में तीन बसों के आपातकालीन द्वार निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिले, जबकि तीन बसों में क्षमता से अधिक यात्री सवार पाए गए। दो बसों में अनधिकृत बदलाव और अन्य वाहनों में परमिट, कर व जरूरी दस्तावेजों की अनियमितताएं मिलने पर चालान किए गए। बकाया कर, बीमा और फिटनेस संबंधी कमियों के चलते दो मालवाहक वाहन सीज किए गए।

वहीं, श्यामपुर क्षेत्र में निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वाले सात वाहनों के चालान किए गए। अभियान में परिवहन कर अधिकारी रवीन्द्र पाल सैनी और परिवहन उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार भी शामिल रहे। परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने, गति सीमा का पालन करने और यात्री सुरक्षा मानकों का ध्यान रखने की अपील की है। विभाग ने बताया कि सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button