कार्तिक पूर्णिमा स्नान को लेकर प्रशासन अलर्ट, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। मंगलवार को आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) स्थित कंट्रोल रूम पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से हरकी पैड़ी सहित प्रमुख गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ और आवागमन की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से यातायात, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि सभी प्रमुख स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जाए। भीड़ का दबाव बढ़ने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं।

आयुक्त आनंद स्वरूप ने अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम स्नान की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं पर नजर रखने को कहा। उन्होंने पुलिस एवं अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय बनाए रखने, घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए। प्रशासन द्वारा स्नान पर्व के दौरान सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।



