उत्तराखंड

कुंभ-2027 का शंखनाद, जूना अखाड़े के रमता पंचों ने किया नगर प्रवेश

चंडी चौक पर बैंड-बाजे और पुष्पवर्षा के साथ संतों का भव्य स्वागत, छावनी स्थापना से लेकर पेशवाई तक की तैयारियां होंगी तेज

कलयुग दर्शन (24×7)

मो नदीम (संपादक)

हरिद्वार। हरिद्वार कुंभ-2027 की धार्मिक गतिविधियों का मंगलवार को श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े के रमता पंचों की जमात के नगर प्रवेश के साथ विधिवत शुभारंभ हो गया। शाम को रमता पंचों की जमात ने कुंभ नगरी में प्रवेश किया। चंडी चौक पर बैंड-बाजे, पुष्पवर्षा और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच संतों का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में साधु-संत, श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। स्वागत समारोह में मेलाधिकारी सोनिका, आईजी कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल, अपर मेलाधिकारी नंदन कुमार, दयानंद सरस्वती और उप मेलाधिकारी मंजीत सिंह सहित मेला प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने रमता पंचों और संत-महात्माओं का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस अवसर पर जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष महंत प्रेम गिरि, उपाचार्य ब्रह्मनिष्ठ सुश्री कपिलपुरी महाराज, प्रवक्ता श्रीमहंत नारायण गिरि, वरिष्ठ अध्यक्ष उमाशंकर भारती, उपाध्यक्ष विद्यानंद सरस्वती और महामंत्री केदार पुरी सहित अखाड़े के अनेक वरिष्ठ संत एवं नागा साधु उपस्थित रहे।

छावनी स्थापना और पेशवाई की तैयारियां होंगी तेज
रमता पंच अखाड़े के वरिष्ठ संतों और प्रतिनिधियों का समूह होता है, जो कुंभ सहित प्रमुख धार्मिक आयोजनों में अखाड़े की परंपराओं के अनुसार विभिन्न स्थानों की यात्रा करता है। कुंभ में छावनी स्थापना, धार्मिक अनुष्ठानों और परंपरागत गतिविधियों के संचालन में रमता पंचों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उनके नगर प्रवेश को कुंभ की धार्मिक गतिविधियों की शुरुआत का अहम पड़ाव माना जाता है। रमता पंचों के आगमन के साथ ही कुंभ क्षेत्र में अखाड़ों की छावनी स्थापना, भूमिपूजन, धर्मध्वजा स्थापना और पेशवाई की तैयारियां तेज होंगी। जूना अखाड़े के कार्यक्रम के अनुसार एक दिसंबर को छावनी स्थापना के लिए भूमिपूजन, 23 दिसंबर को धर्मध्वजा स्थापना और 14 जनवरी 2027 को भव्य पेशवाई निकाली जाएगी।

अखाड़ों की परंपराओं के अनुरूप मिलेंगी सुविधाएं: सोनिका
मेलाधिकारी सोनिका ने कहा कि कुंभ-2027 की तैयारियां अखाड़ों, साधु-संतों और संबंधित विभागों के समन्वय से की जा रही हैं। अखाड़ों की धार्मिक परंपराएं कुंभ की विशिष्ट पहचान हैं। मेला प्रशासन इन परंपराओं का सम्मान करते हुए संतों को आवश्यक सुविधाएं, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार कुंभ से जुड़ी सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम व्यवस्थाएं मिल सकें। हरिद्वार कुंभ को उसकी आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक गरिमा के अनुरूप दिव्य और भव्य स्वरूप प्रदान करना प्रशासन की प्राथमिकता है।

कुंभ-2027 के प्रमुख स्नान पर्व
14 जनवरी 2027- मकर संक्रांति
6 फरवरी 2027- मौनी अमावस्या
11 फरवरी 2027- बसंत पंचमी
20 फरवरी 2027- माघ पूर्णिमा
6 मार्च 2027- महाशिवरात्रि (अमृत स्नान)
8 मार्च 2027- फाल्गुन अमावस्या (अमृत स्नान)
15 मार्च 2027- देव डोलियों का अमृत स्नान
7 अप्रैल 2027- नव संवत्सर
14 अप्रैल 2027- मेष संक्रांति (अमृत स्नान)
15 अप्रैल 2027- श्रीराम नवमी
20 अप्रैल 2027- चैत्र पूर्णिमा

Related Articles

Back to top button