मंगलौर के विकास को सीएम धामी ने खोला घोषणाओं का पिटारा
लिब्बरहेड़ी में कन्या डिग्री कॉलेज और गंगनहर पर पुल बनेगा

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मंगलौर में आयोजित जन आशीर्वाद रैली को संबोधित करते हुए क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने लिब्बरहेड़ी में कन्या डिग्री कॉलेज के नवनिर्माण और गंगनहर पर वर्षों से बंद पड़े पुल का निर्माण कराने की घोषणा की। इसके साथ ही नारसन खुर्द में नाले की सफाई और पक्के नाले का निर्माण सहित कई विकास कार्यों को मंजूरी देने की बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंगलौर के समग्र विकास और प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने मंगलौर से गुरुकुल बाईपास की ओर जाने वाले सराय राजवाहे की पटरी का निर्माण, टिकौला कलां में ग्राम सुथराड़ा की ओर जाने वाले सिलाखाला पर तटबंध तथा ग्राम ब्रह्मपुर जट में मदन के मकान से योगेंद्र के मकान तक सड़क निर्माण कराने की भी घोषणा की। ट्यूबवेल के विद्युत बिल माफ करने की मांग पर उन्होंने कहा कि इस विषय का परीक्षण कराया जाएगा। गन्ना मूल्य में वृद्धि की मांग पर मुख्यमंत्री ने किसानों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार हर वर्ष किसानों के हित में गन्ना मूल्य बढ़ाने का प्रयास करती है। पिछले वर्ष भी गन्ना मूल्य में वृद्धि की गई थी और इस वर्ष भी जल्द निर्णय लिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। मंगलौर अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और मेहनतकश लोगों के लिए जाना जाता है। यहां के किसान, व्यापारी, श्रमिक और छोटे उद्यमी क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मंगलौर विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य और सड़क सुविधाओं के विस्तार के लिए कई कार्य किए गए हैं। नारसन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट स्थापित की गई है, जबकि लिब्बरहेड़ी की आंतरिक सड़कों के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत क्षेत्र में एक हजार से अधिक लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 21 हजार से अधिक घरों में शौचालयों का निर्माण हुआ है और 32 हजार से अधिक लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। जल जीवन मिशन के तहत 58 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 27 पेयजल पंपिंग योजनाओं को स्वीकृति दी गई है।

किसानों के हितों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत उत्तराखंड के किसानों के खातों में अब तक तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि भेजी जा चुकी है। किसानों को तीन लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त कृषि ऋण दिया जा रहा है। नहरों से सिंचाई की सुविधा निःशुल्क करने के साथ फार्म मशीनरी बैंक योजना के तहत कृषि उपकरणों की खरीद पर 80 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ भी किसानों को मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ बिना भेदभाव के सभी वर्गों के कल्याण के लिए काम कर रही है। प्रधानमंत्री जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, आवास योजना, आयुष्मान भारत और निःशुल्क राशन जैसी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समुदायों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए भी सरकार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सुशासन और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून और दंगा रोधी कानून लागू किए गए हैं।

भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत 200 से अधिक लोगों को जेल भेजा गया है। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत सरकारी नौकरियां दी गई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना, किसानों की आय बढ़ाना तथा मातृशक्ति को सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प के साथ सरकार लगातार कार्य कर रही है। इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री करतार सिंह भड़ाना, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह, रुड़की नगर निगम की महापौर अनीता अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, समालखा विधायक मनमोहन सिंह भड़ाना, श्यामवीर सैनी, शोभाराम प्रजापति, आदेश सैनी, चौधरी अजीत सिंह, किसान आयोग अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, ब्लॉक प्रमुख कविन्द्र चौधरी, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसपी नवनीत सिंह भुल्लर, सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।



