उत्तराखंड

राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम का लेकर युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक ने की पदाधिकारियों के साथ बैठक

कलयुग दर्शन (24×7)

हिमांशु (संवाददाता)

हरिद्वार। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 17 जुलाई को प्रदेश की राजधानी देहरादून में प्रस्तावित छात्रों की गूंज कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह भोजक ने ऋषिकुल स्थित कांग्रेस कार्यालय में हरिद्वार के युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह भोजक ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 17 जुलाई को प्रदेश की राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में युवाओं और छात्रों से सीधा संवाद करेंगे। यह कार्यक्रम कांग्रेस पार्टी द्वारा शुरू किए गए देशव्यापी आंदोलन छात्रों की गूंज का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि राजस्थान के कोटा शहर से शुरू किए गए अभियान को आगे बढ़ाते हुए राहुल गांधी देहरादून पहुंच रहे हैं। उन्होंने बतााया कि अभियान का मकसद देश की शिक्षा व्यवस्था में सुधार लाना और युवाओं के भविष्य से जुड़े गंभीर मुद्दों को उठाना और नीट व अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक और परीक्षाओं के रद्द होने से छात्रों में उपजे आक्रोश को मंच देना है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी परीक्षाओं में अनिश्चितता और सिस्टम की कमियों के कारण छात्रों में बढ़ते मानसिक तनाव और सुसाइड जैसी दुखद घटनाओं पर चर्चा करेंगे।

साथ ही कोचिंग और पढ़ाई के बढ़ते खर्च और डिग्री होने के बावजूद नौकरियों की कमी पर युवाओं की आवाज बुलंद करेंगे। विशाल भोजक ने बताया कि छात्रों की गूंज आंदोलन के माध्यम से राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी केंद्र सरकार के सामने तीन बड़ी मांगें रख रहे हैं। जिनमें परीक्षा व्यवस्था की पुनर्समीक्षा और सुधार, बार-बार हो रहे पेपर लीक और सिस्टम की नाकामी की जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पद से इस्तीफा, देश में हर साल परीक्षाओं और सरकारी नौकरियों की भर्तियों के लिए एक तय कैलेंडर जारी करने, जिसका पालन करना हर बोर्ड और आयोग के लिए अनिवार्य हो। उन्होंने बताया कि पार्टी की और से कार्यक्रम में 20 हजार युवाओं की शिरकत कराए जाने का लक्ष्य तय किया गया है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने एक डिजिटल कैंपेन भी चलाया है। जिसके माध्यम से देश भर के छात्र आंदोलन के समर्थन में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। देहरादून के बाद राहुल गांधी का प्रयागराज, पटना और दिल्ली में भी छात्रों से संवाद करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। बैठक में वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोम त्यागी, मनोज सैनी, युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव दिव्यांश अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष अंकुर सैनी, महानगर महासचिव सार्थक ठाकुर, ब्लॉक अध्यक्ष यश शर्मा, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष विकास चंद्रा, समर्थ अग्रवाल, सागर बेनीवाल, निखिल सौदाई, आशु श्रीवास्तव, राव शादाब आदि उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button