उत्तराखंड

अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी ने कांवड़ियों से की क्षमता से अधिक जल ना उठाने और नियमों का पालन करने की अपील

कलयुग दर्शन (24×7)

राकेश वालिया (ब्यूरो चीफ)

हरिद्वार। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज ने गंगाजल लेने आने वाले कांवड़ियों से नियमों का पालन करने और क्षमता से अधिक जल नहीं उठाने की अपील की है। चरण पादुका मंदिर में आयोजित कांवड़ सेवा शिविर के दौरान शिवभक्तों से अपील करते हुए श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि कांवड़ नियमों का पूरी तरह पालन करें। किसी भी प्रकार का नशा ना करें। क्षमता से अधिक जल ना उठाएं। उन्होंने कहा कि कुछ कांवड़िए भांग का नशा करते हैं। समझाने पर भगवान शिव के भांग पीने का तर्क देते हैं। उन्होेंने कहा कि किसी भी तरह की गलत अवधारणा में ना फंसे। कांवड़ यात्रा एक पवित्र अनुष्ठान है। पूरी तरह सात्विक रहकर ही कांवड़ यात्रा करें।

भगवान शिव मात्र एक लोटा जल समर्पित करने से ही प्रसन्न हो जाते हैं। इसलिए क्षमता से अधिक जल उठाने का प्रयास ना करें। इससे स्वास्थ्य संबंधी समस्या हो सकती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सनातन धर्म को मानने वाले दुकानदारों की दुकानों पर ही भोजन आदि करें। जिससे किसी तरह का विवाद उत्पन्न ना हो। उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश समेत तमाम राज्यों की पुलिस और प्रशासन कांवड़ यात्रा को सुरक्षित रूप से संपन्न कराने में जुटे हैं। इसलिए प्रशासन द्वारा जारी किए गए नियमों का पालन करते हुए सहयोग करें। इस अवसर पर रानीपुर विधायक आदेश चौहान, महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी, महामंडलेश्वर स्वामी सत्यश्रेयानंद गिरी, महंत राज गिरी, आईडी शर्मा, भोला शर्मा, अमित वालिया, विश्वास सक्सेना सहित श्रद्धालु भक्त मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button